फ्रांस में G7 का आगाज,गर्मजोशी से मिले पीएम मोदी और ट्रंप,हाथ मिलाकर किया अभिवादन…
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी G7 शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए मंगलवार को फ्रांस के एवियन पहुंचे। इस दौरान ग्रुप ऑफ सेवन देशों के प्रमुख और गेस्ट कंट्रीज के राष्ट्राध्यक्षों की बैठक हुई। जिसमें पीएम मोदी और यूएस प्रेसिडेंट डोनाल्ड ट्रम्प की मुलाकात हुई।दोनों नेता 16 महीने बाद एक-दूसरे से मिले हैं।जहां दोनों वैश्विक नेताओं के बीच बेहद गर्मजोशी और दोस्ताना माहौल देखा गया।ट्रम्प और मोदी ने करीब 5 मिनट तक बात की। मीटिंग में दोनों एक-साथ बैठे नजर आए। 16 महीनों बाद मोदी और ट्रम्प की मुलाकात हुई। इससे पहले दोनों की आखिरी मुलाकात फरवरी 2025 में व्हाइट हाउस में हुई थी। दोनों नेता कल शाम 6:30 बजे ट्रेड डील पर चर्चा कर सकते हैं।मोदी और ट्रम्प के बीच भारत-अमेरिका ट्रेड डील, टैरिफ, निवेश और रणनीतिक साझेदारी से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हो सकती है। दोनों देशों के बीच लंबे समय से प्रस्तावित व्यापार समझौते पर भी बातचीत होने की संभावना है।
इससे पहले फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने सोमवार को 52वें G7 शिखर सम्मेलन का औपचारिक उद्घाटन किया।समिट में अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रम्प, इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी, जर्मन चांसलर फ्रेडरिक मर्त्ज, ब्रिटिश प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर और कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी समेत कई वैश्विक नेता शामिल हो रहे हैं।इस शिखर सम्मेलन में पीएम मोदी विश्व के अन्य शीर्ष नेताओं के साथ वैश्विक अर्थव्यवस्था, सुरक्षा, जलवायु परिवर्तन और तकनीकी सहयोग जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर उच्च स्तरीय चर्चाओं में भाग लेंगे, जिससे भारत और फ्रांस के द्विपक्षीय संबंधों के साथ-साथ वैश्विक कूटनीति को भी एक नई मजबूती मिलेगी।
G7 यानी ‘ग्रुप ऑफ सेवन’, दुनिया के उन 7 देशों का समूह है, जिन्हें दुनिया की ‘मॉडर्न इकोनॉमी’ वाला देश कहा जाता है। इनमें अमेरिका, फ्रांस, ब्रिटेन, जापान, इटली, कनाडा और जर्मनी शामिल हैं।इसकी शुरुआत 1975 में G6 के रूप में हुई थी। 1976 में कनाडा के जुड़ने के बाद यह G7 बन गया। 1998 में रूस को शामिल कर इसका नाम G8 कर दिया गया, लेकिन 2014 में यूक्रेन के क्रीमिया क्षेत्र पर रूस के कब्जे के बाद उसे समूह से बाहर कर दिया गया। इसके बाद यह फिर से G7 कहलाने लगा।
G7 समिट में इसके सदस्य देशों कनाडा, फ्रांस, जर्मनी, इटली, जापान, ब्रिटेन और अमेरिका के नेता शामिल होंगे। इसके अलावा यूरोपीय संघ के प्रतिनिधि भी इसमें भाग लेंगे।फ्रांस ने समिट में G7 देशों के अलावा कई अन्य देशों के नेताओं को भी सम्मेलन में आमंत्रित किया है। इनमें शामिल हैं:
- भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी
- मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सीसी
- ब्राजील के राष्ट्रपति लुइज इनासियो लूला दा सिल्वा
- दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति ली जे-म्यंग
- केन्या के राष्ट्रपति विलियम रुटो
