भारत ने टी-20 वर्ल्ड कप के बाद पहली सीरीज जीती,90 रनों से जीता दूसरा टी20…
भारत ने जिम्बाब्वे को दूसरे टी20 मुकाबले में 90 रनों से हराकर तीन मैचों की सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बना ली है। टी-20 वर्ल्ड कप 2026 के बाद भारत ने पहली टी-20 सीरीज जीत है।यह टीम इंडिया की टी20 में साल 2026 की तीसरी सबसे बड़ी जीत है। रनों के लिहाज से 2026 में भारत की सबसे बड़ी जीत 96 रनों की है, जो इसी साल टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल में न्यूजीलैंड के खिलाफ आई थी। भारत की दूसरी सबसे बड़ी जीत वर्ल्ड कप में ही नामीबिया के खिलाफ आई, जब उसने 93 रनों से जीत दर्ज की थी। अब जिम्बाब्वे को 90 रनों से हराकर टीम इंडिया ने इस साल टी20 में अपनी तीसरी सबसे बड़ी जीत दर्ज की है।
भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 5 विकेट पर 219 रन बनाए। जवाब में जिम्बाब्वे की टीम 129 रन पर सिमट गई। ईशान किशन ने 44 गेंदों पर 81 रन की पारी खेली। तिलक वर्मा ने नाबाद 60 रन बनाए। गेंदबाजी में अभिषेक शर्मा ने 3 विकेट लिए। प्रिंस यादव और यश ठाकुर को 2-2 विकेट मिले।लक्ष्य का पीछा करते हुए जिम्बाब्वे की बल्लेबाजी बेहद खराब रही और टीम किसी भी समय सुखद स्थिति में नहीं दिखे। जिम्बाब्वे ने नियमित अंतराल पर विकेट गंवाए। सीरीज का तीसरा और आखिरी टी20 मुकाबला रविवार को खेला जाएगा।
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत एक बार फिर खराब रही। पहले 3 ओवर में ही भारत को 2 झटके लग चुके थे। अभिषेक शर्मा 8 और वैभव सूर्यवंशी 20 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद ईशान किशन और कप्तान श्रेयस अय्यर (25) ने तीसरे विकेट के लिए 66 रन जोड़े।12वीं टी20 इंटरनेशनल फिफ्टी लगाने के बाद ईशान शतक की ओर बढ़ रहे थे। हालांकि, 81 रन पर उनकी पारी पर ब्रेक लगा। विकेटकीपर बल्लेबाज ने 44 गेंदों पर 9 चौकों और 2 छक्के की मदद से यह पारी खेली। तिलक वर्मा ने भी अर्धशतक लगाया और भारत का स्कोर 200 के पार पहुंचा दिया। तिलक 29 गेंदों पर 60 रन बनाकर नाबाद रहे। रिंकू सिंह ने 12 और शिवम दुबे ने 6* रन बनाए।
220 का पीछा करने उतरी जिम्बाब्वे से कोई बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सका।रन चेज करने उतरी जिम्बाब्वे की पारी शुरुआत से ही लड़खड़ा गई। पावरप्ले में टीम को 3 झटके लगे। डेब्यू मैच खेल रहे यश ठाकुर ने भारत को पहली सफलता दिलाई। उन्होंने ब्रायन बेनेट (32) को ईशान किशन के हाथों कैच आउट कराया। इसके बाद बेन करन (1) और डायोन मायर्स (12) सस्ते में आउट हुए।पावरप्ले के बाद भी विकेट के गिरने का सिलसिला जारी रहा। भारतीय गेंदबाज पूरी तरह जिम्बाब्वे पर हावी नजर आए। 7वें ओवर में प्रिंस यादव ने कप्तान सिकंदर रजा (0) का विकेट चटाकया। अगले ही ओवर में वेस्ली मधेवेरे (2) को शिवम दुबे ने अपने जाल में फंसा लिया। प्रिंस यादव इस मुकाबले में केवल 1.2 ओवर गेंदबाजी कर पाए, वो चोट के कारण मैदान से बाहर चले गए। केवल 8 गेंद करके उन्होंने 2 विकेट चटका लिए थे।
