महिला टी-20 विश्वकप 2026 का आगाज आज से ,जाने कब है टीम इंडिया का मैच ?
महिला टी20 विश्व कप 2026 की शुक्रवार से शुरुआत होने जा रही है। भारतीय महिला टीम ने अब तक कभी टी20 विश्व कप का खिताब अपने नाम नहीं किया है, लेकिन वह इस बार प्रबल दावेदार के रूप में उतरेगी। भारत अपने अभियान की शुरुआत 14 जून को पाकिस्तान के खिलाफ होने वाले मैच से करेगा। भारत, इंग्लैंड और दक्षिण अफ्रीका जैसी टीम आईसीसी टी20 महिला विश्व कप में ऑस्ट्रेलिया के पारंपरिक दबदबे को चुनौती दे सकती हैं। 2024 की तुलना में आयरलैंड और नीदरलैंड भी शामिल हो गए हैं। यह विस्तार इस बात का संकेत है कि महिला क्रिकेट दुनिया भर में मजबूत हो रहा है, लेकिन इससे भी अधिक खुशी की बात है कि सभी टीम को बराबरी का मौका मिल रहा है और नई प्रतिभाएं सामने आ रही हैं।
टूर्नामेंट का पहला मैच इंग्लैंड और श्रीलंका के बीच बर्मिंघम में खेला जाएगा। यह मैच भारतीय समयानुसार रात 11 बजे शुरू होगा।इस मैच से पहले ओपनिंग सेरेमनी होगी, जिसमें ब्रिटिश एक्ट्रेस एमा किंग्सटन और एक्टेस-सिंगर जिजी स्ट्रॉलेन परफॉर्म करेंगी। इंग्लैंड की कमान नैट सिवर-ब्रंट के हाथों में है, जबकि श्रीलंका की अगुवाई चमारी अट्टापटू करेंगी।टूर्नामेंट के छठे और भारतीय टीम अपने पहले मैच में पाकिस्तान विमंस टीम से टकराएगी। भारत-पाकिस्तान टीम जब क्रिकेट के मैदान पर होती है तो रोमांच कई गुना बढ़ जाता है।
हालांकि भारतीय दर्शकों के लिए सिर्फ मुकाबलों की तारीख जानना काफी नहीं है। मैच किस समय शुरू होंगे, यह भी उतना ही महत्वपूर्ण है।इंग्लैंड और भारत के समय में करीब साढ़े चार घंटे का अंतर है। यही वजह है कि कई मुकाबले भारतीय समय के अनुसार रात 11 बजे शुरू होंगे। वहीं कुछ मैच दोपहर 3 बजे और शाम 7 बजे भी खेले जाएंगे। अच्छी बात यह है कि भारतीय टीम के सभी ग्रुप मुकाबले भारतीय दर्शकों के लिए सुविधाजनक समय पर रखे गए हैं।टीम इंडिया को ग्रुप ए में रखा गया है।इस ग्रुप में ऑस्ट्रेलिया, पाकिस्तान, दक्षिण अफ्रीका, बांग्लादेश और नीदरलैंड जैसी टीमें शामिल हैं।भारतीय टीम अपने अभियान की शुरुआत 14 जून को चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान के खिलाफ करेगी।इसके बाद भारत का सामना 17 जून को नीदरलैंड से होगा। 21 जून को टीम इंडिया दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मैदान में उतरेगी।25 जून को बांग्लादेश और 28 जून को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भारत का आखिरी ग्रुप मुकाबला खेला जाएगा। खास बात यह है कि भारत के सभी ग्रुप मैच शाम 7 बजे शुरू होंगे, जिससे फैंस आराम से इन मुकाबलों का आनंद ले सकेंगे।
