रांची के 7 साल के बच्चे ने बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड,यंगेस्ट स्विमर बने….
रांची के रहनेवाले महज 7 साल के इशांक सिंह ने विश्व रिकॉर्ड बना दिया है। उन्होंने श्रीलंका के तलाईमन्नार से भारत के धनुषकोडी (तमिलनाडु) तक 29 किलोमीटर का खतरनाक ‘पाक स्ट्रेट’ का रास्ता 9 घंटे 50 मिनट में तैरकर पार किया।
भारत में टैलेंट की कोई कमी नहीं है। रांची के 7 वर्षीय बालक ने एक बार फिर यह साबित कर दिखाया है। जिस उम्र में बच्चे स्कूल की पढ़ाई में लीन होते हैं, इशांक सिंह ने श्रीलंका और भारत के बीच पाक स्ट्रेट (Palk Strait) में 29 किलोमीटर तैराकी का नया वर्ल्ड रिकॉर्ड बना डाला है।7 साल के इशांक सिंह ने श्रीलंका के तलैमन्नार से तैरना शुरू किया और भारत के धनुषकोडी पहुंचे। गजब की बात यह रही कि उन्होंने यह दूरी 9 घंटे 50 मिनट में तय कर ली। देशभर में उनके जज्बे की तारीफ की जा रही है। रांची के धुरवा में रहने वाले इशांक ने यह कीर्तिमान 30 अप्रैल के दिन स्थापित किया।यूनिवर्सल रिकॉर्ड्स फोरम ने उन्हें ‘यंगेस्ट एंड फास्टेस्ट पाक स्ट्रेट स्विमर’ का विश्व रिकॉर्ड सर्टिफिकेट भी दिया है।
इस उपलब्धि के लिए इशांक सिंह को यूनिवर्सल रिकॉर्ड फोरम (URF) की ओर से ‘Youngest and Fastest Palk Strait Swimmer’ का अवॉर्ड मिला है। कोच अमन कुमार जायसवाल और बजरंग कुमार ने इस कठिन चुनौती के लिए इशांक को तैयार किया था। बताया जा रहा है कि 29 किलोमीटर तक तैराकी के लिए जो स्टैमिना चाहिए था, उसे हासिल करने के लिए इशांक हर रोज 4-5 घंटे अभ्यास किया करते थे।
इशांक रांची के डीएवी श्यामली स्कूल में तीसरी कक्षा के छात्र हैं। स्कूल प्रिंसिपल ने उनकी उपलब्धि पर गर्व जताया है। उन्होंने इशांक के उज्ज्वल भविष्य की कामना की और इसे स्कूल, रांची और पूरे देश के लिए गर्व का पल बताया है।
