राशिद खान ने T20 क्रिकेट में बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड….
राशिद खान ने अब टी20 विश्व कप मैच के दौरान वो आंकड़ा छू लिया है जिसके करीब भी पहुंचना नामुमकिन सा है। टी20 विश्व कप 2026 के 28वें मैच में दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में अफगानिस्तान और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) की टीमें आमने-सामने आईं। इस मैच में अफगानिस्तान ने टॉस जीता और पहले फील्डिंग करने का फैसला किया।
यूएई की पारी के दौरान अफगानिस्तान के शीर्ष स्पिनर व कप्तान राशिद खान लगातार यूएई को परेशान तो कर रहे थे, लेकिन विकेट खाते में नहीं आ रहा था। उनके लिए अगला एक विकेट बहुत कीमती होने वाला था क्योंकि ये एक विकेट नया वर्ल्ड रिकॉर्ड स्थापित करने वाला था। आखिरकार 16वें ओवर की तीसरी गेंद पर राशिद ने मोहम्मद अरफान को हिट-विकेट आउट किया और बन गया टी20 क्रिकेट इतिहास का सबसे बड़ा बॉलिंग रिकॉर्ड।
राशिद खान ने टी20 क्रिकेट इतिहास में अपने 700 विकेट पूरे कर लिए हैं। लंबे समय से उनके फैंस को इस पल का इंतजार था, जो आखिरकार पूरा हो गया। राशिद टी20 क्रिकेट में दुनिया में सर्वाधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं और अब उन्होंने 700 विकेट का वो आंकड़ा छू लिया है जिसे आज तक किसी भी गेंदबाज ने हासिल नहीं किया।
अफगानिस्तान के राशिद खान ने 2015 में अपना टी20 क्रिकेट करियर शुरू किया था और 11 सालों में उन्होंने 512 टी20 पारियों में 18.5 के औसत औऱ 6.59 के इकॉनमी रेट के साथ 700 विकेट पूरे कर लिए हैं। UAE के खिलाफ खेलते हुए राशिद खान T20 फॉर्मेट में 700 विकेट लेने वाले दुनिया के पहले गेंदबाज बन गए हैं|राशिद ने अपनी फिरकी के दम पर दुनिया भर के बल्लेबाजों को परेशानी में डाला है और अब वे इस फॉर्मेट के सबसे सफल गेंदबाज हैं|
अगर T20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाजों की लिस्ट देखी जाए तो राशिद खान सबसे ऊपर हैं|उनके बाद दूसरे नंबर पर वेस्टइंडीज के पूर्व ऑलराउंडर ड्वेन ब्रावो का नाम आता है| ब्रावो ने अपने करियर में 631 विकेट लिए थे| वहीं, तीसरे नंबर पर सुनील नरेन हैं जिन्होंने अब तक 613 विकेट लिए हैं| राशिद खान इन दोनों दिग्गजों से काफी आगे निकल गए हैं|जो खिलाड़ी अभी खेल रहे हैं, उनमें सुनील नरेन ही राशिद के आस-पास दिखते हैं लेकिन वो भी अभी काफी पीछे हैं| साउथ अफ्रीका के इमरान ताहिर 572 विकेट के साथ चौथे और आंद्रे रसेल 508 विकेट के साथ पांचवें नंबर पर हैं|
अफगानिस्तान ने 161 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए शानदार खेल दिखाया और 5 विकेट से मैच जीत लिया| इस जीत के साथ अफगानिस्तान सुपर 8 की रेस में अभी भी बना हुआ है| टीम ने 19.2 ओवर में 5 विकेट खोकर टारगेट हासिल कर लिया|
