वैभव सूर्यवंशी का हुआ इंटरनेशनल डेब्यू ,बने सबसे युवा भारतीय क्रिकेटर,37 साल पुराना रिकॉर्ड टूटा…
वैभव सूर्यवंशी ने टीम इंडिया के लिए डेब्यू कर लिया है। वो भारत के लिए अंतर्राष्ट्रीय डेब्यू करने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बन गए हैं। उन्होंने 15 साल 99 दिन की उम्र में अपना इंटरनेशनल डेब्यू किया है। वैभव ने शेफाली वर्मा और सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिया। शेफाली ने 15 साल 239 दिन और सचिन ने 16 साल 205 दिन की उम्र में भारत के लिए पहला मैच खेला था।इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टी20 मैच में भारत ने संजू सैमसन को ड्रॉप करके उनकी जगह वैभव सूर्यवंशी को प्लेइंग इलेवन में मौका दिया है।सैमसन अब तक पिछली तीन टी20 पारियों में सिर्फ 6 रन बना पाए थे।मैच शुरू होने से पहले भारतीय टीम हडल में जुटी, जहां तिलक वर्मा ने 15 साल के वैभव सूर्यवंशी को उनकी पहली भारतीय कैप सौंपी। इसके बाद साथी खिलाड़ियों ने तालियों की गड़गड़ाहट और पीठ थपथपाकर उनका स्वागत किया।
भारत और इंग्लैंड के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज का दूसरा मुकाबला आज मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड मैदान पर खेला जा रहा है। पहले मैच में बारिश के कारण नतीजा नहीं निकल सका था। ऐसे में श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली टीम इंडिया जीत के साथ सीरीज में बढ़त बनाने के इरादे से मैदान में उतरी है, जबकि हैरी ब्रूक भी इंग्लैंड की घरेलू सरजमीं पर दमदार प्रदर्शन करने की कोशिश करेगी।
भारत ने टॉस जीतकर लगातार दूसरे मैच में पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। कप्तान श्रेयस अय्यर ने प्लेइंग-11 में एक बदलाव करते हुए संजू सैमसन की जगह 15 साल के वैभव सूर्यवंशी को मौका दिया।टॉस के बाद श्रेयस ने कहा, हम फिर पहले बल्लेबाजी करेंगे। वैभव ने पिछले कुछ महीनों में जिस तरह बल्लेबाजी की है, उसे देखते हुए वह इस मौके के पूरी तरह हकदार हैं। वह ऐसा खिलाड़ी है, जो दबाव बिल्कुल नहीं लेता। उसे अच्छी तरह पता है कि आगे क्या चुनौतियां आने वाली हैं।
प्लेइंग-11
इंग्लैंड: फिल सॉल्ट, जोस बटलर (विकेटकीपर), हैरी ब्रूक (कप्तान), जैकब बेथेल, टॉम बैंटन, सैम करन, विल जैक्स, लियम डॉसन, आदिल रशीद, जोफ्रा आर्चर, जोश टंग।
भारत: वैभव सूर्यवंशी, अभिषेक शर्मा, ईशान किशन (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह, रवि बिश्नोई, वरुण चक्रवर्ती।
