दिल्ली एयरपोर्ट पर स्पाइसजेट और अकासा के विमान टकराए: दोनों प्लेन को नुकसान, यात्री सुरक्षित…
दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर गुरुवार को एक मामूली विमान हादसा सामने आया, जब स्पाइसजेट का एक विमान खड़े अकासा एयर के विमान से टकरा गया।घटना गुरुवार दोपहर 2 बजे हुई।
जानकारी के मुताबिक अकासा का विमान हैदराबाद जाने के लिए तैयार खड़ा था। उसी समय लेह से आया स्पाइसजेट का विमान उससे टकरा गया।हादसे में स्पाइसजेट के दाहिने पंख का हिस्सा अकासा के बाएं तरफ के पिछले पंख में जा घुसा। घटना के बाद एयरपोर्ट स्टाफ ने दोनों प्लेन में सवार सभी यात्रियों को सुरक्षित रूप से उतार लिया। हादसे में किसी यात्री को चोट नहीं लगी।घटना के बाद स्पाइसजेट और अकासा के प्लेन दिल्ली में ही खड़े कर दिए गए हैं, यानी इन्हें अगली उड़ान के लिए इस्तेमाल नहीं किया जाएगा। घटना की जांच की जा रही है।
एयरपोर्ट अधिकारियों के मुताबिक, घटना के तुरंत बाद सुरक्षा प्रोटोकॉल लागू किए गए और दोनों विमानों की जांच शुरू कर दी गई। प्रभावित विमानों को फिलहाल सेवा से हटा दिया गया है ताकि विस्तृत तकनीकी जांच की जा सके।नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) ने मामले का संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी है। शुरुआती तौर पर इसे ग्राउंड मूवमेंट के दौरान समन्वय में कमी से जुड़ा मामला माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारण जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।
