फील्डिंग के दौरान लुंगी एनगिडी को सिर में लगी गंभीर चोट,एम्बुलेंस से ले जाया गया अस्पताल….
पंजाब किंग्स के खिलाफ मुकाबले में लुंगी एनगिडी कैच पकड़ने के प्रयास में बुरी तरह चोटिल हो गए हैं।उनके सिर और गर्दन में चोट आई है। वह उठ भी नहीं पा रहे थे, जिसके बाद स्ट्रेचर पर उन्हें लेटाया गया और एम्बुलेंस भी ग्राउंड के अंदर लाई गई। उन्हें अस्पताल ले जाया गया है।
यह हादसा तीसरे ओवर में हुआ, जब दिल्ली कैपिटल्स के लिए खेल रहे एनगिडी मिड-ऑफ से दौड़ते हुए कैच लेने की कोशिश कर रहे थे। पंजाब ने दिल्ली के खिलाफ शानदार आगाज किया। ऐसे में तीसरे ओवर में गेंदबाजी करने के लिए कप्तान अक्षर आए।अक्षर पटेल द्वारा डाले गए तीसरे ओवर की तीसरी गेंद पर प्रियांश आर्या ने सामने की तरफ जोर से शॉट मारा। ये मिस टाइम हुआ, और गेंद मिड ऑफ की तरफ हवा में गई।30 यार्ड के अंदर खड़े लुंगी एनगिडी बैक पैडल करते हुए कैच का प्रयास किया, लेकिन इस दौरान वह उल्टा गिर गए। वह बुरी तरह गिरे, जिससे उनके सिर और गर्दन में चोट आई। गिरते समय उनके सिर का पिछला हिस्सा जोर से जमीन से टकराया।
घटना के तुरंत बाद मैदान पर मौजूद खिलाड़ी और सपोर्ट स्टाफ उनकी मदद के लिए दौड़े। टीम के फिजियो ने तुरंत आकर एनगिडी को प्राथमिक उपचार दिया।स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मेडिकल टीम ने उनके गले में नेक ब्रेस लगाया और स्ट्रेचर मंगवाया। कुछ ही देर में एम्बुलेंस भी मैदान पर पहुंच गई और उन्हें मैदान से बाहर ले जाया गया। राहत की बात यह रही कि इलाज के दौरान एनगिडी डॉक्टरों से बात करते नजर आए, जिससे उनकी स्थिति स्थिर होने का संकेत मिला। इस दौरान पंजाब किंग्स के मुख्य कोच रिकी पोंटिंग भी मैदान पर पहुंचे।एनगिडी को करोलबाग के मैक्स हॉस्पिटल में ले जाया गया है। उनकी चोट की वजह से खेल 15 मिनट तक रुका रहा।एनगिडी की जगह कन्कशन सब्स्टीट्यूट के तौर पर दुष्मंथा चमीरा आए।
