दिल्ली में 4 मंजिला बिल्डिंग में आग, 9 की मौत,15 लोग बचाए गए, AC में ब्लास्ट की आशंका…
पूर्वी दिल्ली के विवेक विहार में एक चार मंजिला रिहायशी इमारत में रविवार तड़के भीषण आग लग गई, जिसमें नौ लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए।प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग की शुरुआत इमारत की दूसरी मंजिल के पिछले हिस्से में स्थित एयर कंडीशनर (एसी) में विस्फोट के कारण हुई। यह घटना तड़के करीब 3:30 बजे हुई, जब ज्यादातर लोग गहरी नींद में सो रहे थे। आग की लपटें तुरंत फैल गईं और तीसरी मंजिल तक पहुंच गईं।
अधिकारियों ने बताया कि विवेक विहार फेज-1 में चार मंजिला इमारत में आग लगने की सूचना तड़के करीब तीन बजकर 48 मिनट पर मिली जिसके बाद पुलिस, दमकल और आपदा प्रबंधन दल मौके पर पहुंचे।डीएफएस के एक अधिकारी ने कहा, ‘‘एक शव पहली मंजिल से, पांच शव दूसरी मंजिल से और तीन शव सीढ़ियों से बरामद किए गए। सीढ़ियों वाले हिस्से में ताला लगा मिला।’’ दूसरी मंजिल पर मृत पाए गए लोगों की पहचान अरविंद जैन (60), उनकी पत्नी अनिता जैन (58), बेटे निशांत जैन (35), बहू आंचल जैन (33) और पोते आकाश जैन के रूप में हुई है।तीसरी मंजिल पर एक परिवार के तीन सदस्य मृत पाए गए।उनकी पहचान नितिन जैन (50), उनकी पत्नी शैली जैन (48) और बेटे सम्यक जैन (25) के रूप में हुई है। पहली मंजिल पर शिखा जैन (45) नाम की महिला मृत पाई गईं, जबकि उनके पति नवीन जैन (48) घायल हुए हैं।
जब आग लगी, तो कई निवासियों ने बचने की कोशिश की। कुछ लोग अपनी जान बचाने के लिए छत की ओर भागे, लेकिन दुर्भाग्यवश, छत का दरवाजा बंद होने के कारण वे वहीं फंस गए और सीढ़ियों पर ही झुलसकर उनकी मौत हो गई। जिस मंजिल पर आग लगी थी, वहां मौजूद चार लोग भी इस अग्निकांड का शिकार हो गए।अग्निशमन विभाग के अनुसार, तीन लोगों के शव बिस्तर पर मिले हैं, जो आग की भयावहता को दर्शाता है कि उन्हें बिस्तर से उठने का भी मौका नहीं मिला। पुलिस ने अब तक नौ लोगों की मौत की पुष्टि की है, जबकि कई अन्य घायल हुए हैं। घटना के चश्मदीद सामने आए हैं। उन्होंने बताया कि आग की चपेट में आने से लोग कंकाल बन गए हैं। उनकी पहचान करना मुश्किल हो गया है। डीएनए टेस्ट के बाद ही उनकी पहचान हो सकती है।
