भारतीयों पर हमले के बाद गुस्से में पीएम मोदी, बोले- हम यूएई के साथ खड़े हैं…
यूएई के फुजैरा पोर्ट पर हुए हमले में तीन भारतीयों के घायल होने के बाद पीएम मोदी ने कड़ी निंदा की है।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के बंदरगाह शहर फुजैरा पर हुए हमलों की कड़ी निंदा की है। एक प्रमुख तेल उद्योग क्षेत्र में हुए इन हमलों में तीन भारतीय नागरिक भी घायल हुए हैं।यूएई ने इस हमले के लिए ईरान को जिम्मेदार ठहराया था।
पीएम मोदी ने सोशल मीडिया पर कहा,’यूएई पर हुए हमलों की मैं कड़ी निंदा करता हूं, जिनमें तीन भारतीय नागरिक घायल हुए हैं। आम नागरिकों और बुनियादी ढांचे को निशाना बनाना बिल्कुल भी मंजूर नहीं है।’ उन्होंने कहा, ‘भारत यूएई के साथ पूरी तरह एकजुट है और बातचीत और कूटनीति के जरिए से सभी मुद्दों के शांतिपूर्ण समाधान के लिए अपना समर्थन दोहराता है।’प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि ‘होर्मुज स्ट्रेट से सुरक्षित और निर्बाध नेविगेशन सुनिश्चित करना क्षेत्रीय शांति, स्थिरता और वैश्विक ऊर्जा सुरक्षा के लिए बेहद जरूरी है।’ फुजैरा शहर पर हमला ऐसे समय में हुआ है, जब होर्मुज स्ट्रेट में अमेरिका और ईरान के बीच सीजफायर को लेकर तनाव की स्थिति बनी हुई है। होर्मुज स्ट्रेट से होकर दुनिया के लगभग बीस फीसदी तेल और गैस का परिवहन होता है जो दोनों देशों के बीच वार्ता में एक प्रमुख अड़चन बना हुआ है।
फुजैरा पोर्ट पर हुआ यह हमला क्षेत्रीय शांति के साथ-साथ वैश्विक ऊर्जा बाजारों के लिए एक बड़ा झटका है। पीएम मोदी और विदेश मंत्रालय ने स्पष्ट रूप से कहा है कि अंतरराष्ट्रीय कानून के तहत होर्मुज जलडमरूमध्य से सुरक्षित और निर्बाध नेविगेशन सुनिश्चित करना न केवल क्षेत्रीय शांति बल्कि वैश्विक ऊर्जा सुरक्षा के लिए भी बेहद महत्वपूर्ण है। भारत इस विवाद को सुलझाने के लिए सभी शांतिपूर्ण कूटनीतिक प्रयासों का समर्थन करने के लिए तैयार है।
