Thailand Open: सात्विक-चिराग थाईलैंड ओपन के फाइनल में पहुंचे,मलेशियाई जोड़ी को दी मात…
सात्विकसाईराज रेंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की भारतीय पुरुष युगल जोड़ी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बैंकॉक में खेले जा रहे थाईलैंड ओपन सुपर 500 बैडमिंटन टूर्नामेंट के फाइनल में प्रवेश कर लिया है। सात्विक-चिराग ने शनिवार को खेले गए सेमीफाइनल में मलयेशिया के गोह जी फेई और नूर इजुद्दीन की जोड़ी को हराया। विश्व की चौथी नंबर की जोड़ी सात्विक-चिराग ने 2019 और 2024 में यहां खिताब जीता था।इस भारतीय जोड़ी ने सेमीफाइनल में विश्व की नौवें नंबर की मलयेशियाई जोड़ी के खिलाफ दमदार प्रदर्शन किया और 82 मिनट तक चले मुकाबले में 19-21, 22-20, 21-16 से जीत दर्ज करने में सफल रहे। सात्विक-चिराग की जोड़ी थाईलैंड ओपन के फाइनल में तीसरी बार पहुंची है, जबकि मौजूदा सीजन में इस जोड़ी का यह किसी टूर्नामेंट का पहला खिताबी मुकाबला होगा।इससे पहले वे 2019 और 2024 में भी इस टूर्नामेंट का खिताब जीत चुके हैं।
फाइनल में भारतीय जोड़ी का सामना कल इंडोनेशिया के लियो रोली कार्नांडो और डेनियल मार्थिन से दोपहर 12:30 बजे से होगा।मैच के बाद चिराग शेट्टी ने कहा, साल की शुरुआत हमारे लिए अच्छी नहीं रही। मानसिक तौर पर भी हम मजबूत स्थिति में नहीं थे। लेकिन थॉमस कप में मिला ब्रॉन्ज मेडल हमारे आत्मविश्वास के लिए बड़ा मोमेंट था। अब हम साल का पहला फाइनल खेल रहे हैं। उम्मीद है कि हम खिताब भी जीतेंगे।
बैडमिंटन का सुपर-500 टूर्नामेंट क्या है?
बैडमिंटन ‘सुपर-500’ टूर्नामेंट वर्ल्ड टूर का चौथा सबसे बड़ा स्तर का टूर्नामेंट है। यह बैडमिंटन वर्ल्ड फेडरेशन (BWF) द्वारा आयोजित प्रोफेशनल इंटरनेशनल सर्किट का अहम हिस्सा माना जाता है। सुपर-500 जीतने पर खिलाड़ियों को 9,200 रैंकिंग पॉइंट्स मिलते हैं, जबकि टूर्नामेंट की न्यूनतम प्राइज मनी 4.2 लाख डॉलर (करीब 3.5 करोड़ रुपए) होती है।
पहला गेम मलेशियाई जोड़ी ने 21-19 से जीता। इसके बाद दूसरे गेम में मुकाबला बराबरी का था और स्कोर 3-3 से 6-6 हो गया। भारतीय जोड़ी ने 9-6 की बढ़त बना ली लेकिन चिराग के एक रिटर्न पर शटल नेट में जाने से बढ़त 10-9 की रह गई।ब्रेक के बाद फिर स्कोर 13-13 हो गया। चिराग ने भारत को 16-14 से बढ़त दिलाई, लेकिन फिर रिटर्न नेट में जाने से स्कोर 16-16 हो गया। भारतीय जोड़ी ने फिर 19-16 की बढ़त बनाई और एक समय स्कोर 20-20 था जब भारतीय जोड़ी ने इजुद्दीन का शॉट वाइड जाने पर यह गेम जीता। निर्णायक गेम में भारतीय जोड़ी हावी रही और मलयेशियाई जोड़ी वापसी नहीं कर पाई।
