48 डिग्री पारे के साथ यूपी का बांदा जिला सबसे गर्म,दिल्ली से राजस्थान तक हाहाकार मचा रहा मौसम…
उत्तर भारत इस समय भीषण गर्मी की चपेट में है। उत्तर प्रदेश, दिल्ली, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा और महाराष्ट्र समेत कई राज्यों में सूरज आग बरसा रहा है। IMD ने यूपी और मध्य प्रदेश के कई जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है।यूपी में बांदा एक बार फिर देश के सबसे गर्म शहरों में शामिल हो गया है।48.2 डिग्री सेल्सियस के साथ बांदा दूसरे दिन भी देश में सर्वाधिक गर्म शहर रहा। गर्म हवा और लू के थपेड़ों ने लोगों को बेचैन किया। झांसी, आगरा, प्रयागराज, उरई आदि जिलों में पारा 45 डिग्री के पार चला गया।मौसम विभाग ने बांदा, चित्रकूट, प्रयागराज, फतेहपुर, आगरा, फिरोजाबाद, इटावा, हमीरपुर, जालौन, महोबा और झांसी में रेड अलर्ट जारी किया है। अगले तीन दिनों तक तापमान 47 डिग्री से ऊपर रहने की आशंका है।
दिल्ली-NCR में भीषण गर्मी ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। पिछले कुछ दिनों से राजधानी और आसपास के इलाकों में तेज हीटवेव का असर देखने को मिल रहा है। हालात को देखते हुए India Meteorological Department (IMD) ने दिल्ली के लिए येलो अलर्ट को बढ़ाकर ऑरेंज अलर्ट कर दिया है।मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली का तापमान 46 डिग्री सेल्सियस से ऊपर तक पहुंच सकता है। अगले दो दिनों तक भीषण से अत्यधिक हीटवेव की स्थिति बनी रहने की संभावना है, जबकि इसके बाद भी लू का असर जारी रह सकता है।राजस्थान के चित्तौड़गढ़ में तापमान 46.3 डिग्री रिकॉर्ड किया गया, जबकि कई इलाकों में रात का तापमान भी 30 डिग्री से ऊपर बना हुआ है।पंजाब और हरियाणा में भी पारा 47 डिग्री के करीब पहुंच गया है।महाराष्ट्र के अकोला, अमरावती और वर्धा में भीषण लू की चेतावनी जारी की गई है।वहीं बिहार, ओडिशा, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश में भी लू और उमस लोगों को परेशान करेगी। दूसरी ओर पूर्वोत्तर भारत, केरल, तमिलनाडु, कर्नाटक और अंडमान-निकोबार में गरज-चमक के साथ भारी बारिश की चेतावनी दी गई है।
अगले कुछ दिनों तक भीषण गर्मी और लू की चेतावनी के बाद स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड में आ गया है।स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से दोपहर 12 से 4 बजे तक धूप में निकलने से बचने, पर्याप्त पानी, नींबू पानी, छाछ और ओआरएस लेने, हल्के सूती कपड़े पहनने तथा चक्कर, उल्टी या तेज बुखार होने पर तुरंत अस्पताल जाने की सलाह दी है।
