पुलवामा ग्रेनेड अटैक में शामिल आतंकी हमजा बुरहान की हत्या,POK में अज्ञात हमलावरों ने गोली मारी,PoK में छिपा बैठा था…
पुलवामा आतंकी हमले से जुड़े बताए जा रहे आतंकी हमजा बुरहान की पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर में गोली मारकर हत्या कर दी गई है। सूत्रों के मुताबिक हमजा बुरहान को मुजफ्फराबाद में अज्ञात हमलावरों ने निशाना बनाया, जहां मौके पर ही उसकी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि हमजा बुरहान पाकिस्तान आधारित आतंकी नेटवर्क से जुड़ा हुआ था और पुलवामा हमले की साजिश में उसकी अहम भूमिका मानी जाती थी। केंद्र सरकार द्वारा पूर्व में ही गैरकानूनी गतिविधियां रोकथाम अधिनियम’ (UAPA) के तहत आतंकी घोषित किए जा चुके हमजा बुरहान की मौत को सीमा पार बैठे आतंकी आकाओं के लिए एक बड़ा झटका माना जा रहा है।वह अबू दुजाना, अबू कासिम, बुरहान वानी और जाकिर मूसा का करीबी था।
सरकार के मुताबिक, अर्जुमंद गुलजार डार उर्फ हमजा बुरहान उर्फ डॉक्टर पुलवामा के रत्नीपोरा इलाके का रहने वाला था। 23 साल का हमजा, आतंकी संगठन अल बद्र से जुड़ा हुआ था। अल बद्र को सरकार ने आतंकवादी संगठन घोषित किया हुआ है।वह कानूनी तरीके से पाकिस्तान गया था। वहां जाकर वह अल बद्र में शामिल हो गया और बाद में संगठन का सक्रिय आतंकी और कमांडर बन गया। अभी वह पाकिस्तान से ही काम कर रहा था। उस पर आरोप है कि वह युवाओं को अल बद्र में शामिल होने के लिए उकसाता था और फंडिंग भी करता था।जांच एजेंसियों के अनुसार 2020 में CRPF जवानों पर ग्रेनेड हमले और युवाओं को आतंकी संगठन में भर्ती कराने जैसी गतिविधियों में भी शामिल रहा।
सूत्रों के मुताबिक हमजा बुरहान लंबे समय से सुरक्षा एजेंसियों के निशाने पर था। उसकी हत्या ऐसे समय में हुई है, जब पाकिस्तान में आतंकी संगठनों और कट्टरपंथी नेटवर्क से जुड़े कई लोगों पर रहस्यमय हमलों की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। हाल के सालों में कई आतंकियों की या तो गैंगवार में मौत हुई है या फिर अज्ञात हमलावरों ने उन्हें निशाना बनाया है।सूत्रों के मुताबिक आतंकी हमज़ा बुरहान की मौत आपसी रंजिश की वजह से हुई है।साथ ही हमज़ा बुरहान की हत्या के बाद हमलावर ने मौके पर खड़ा रहा है और ख़ुद को पुलिस के हवाले कर दिया।
