दुनिया का तीसरा सबसे ऊंचा रोपवे कश्मीर- गुलमर्ग रोपवे अचानक रुका, करीब 300 पर्यटक फंसे,21 केबिनों से 130 लोगों का रेस्क्यू…
जम्मू-कश्मीर के बारामूला जिला स्थित दुनिया के तीसरे सबसे ऊंचे रोपवे, गुलमर्ग गोंडोला में सोमवार को तकनीकी खराबी आ गई। दोपहर करीब 2:30 बजे रोपवे के सभी केबिन अचानक रुक गए। इनपर 300 से ज्यादा पर्यटक बैठे थे। सभी बीच हवा में फंस गए।जानकारी के अनुसार गोंडोला के संचालन के दौरान अचानक तकनीकी गड़बड़ी आ गई, जिससे केबल कार आगे नहीं बढ़ सकी और यात्री बीच रास्ते में ही अटक गए। घटना के तुरंत बाद स्थानीय प्रशासन और फायर एंड इमरजेंसी सर्विस की टीम को मौके पर बुलाया गया।
सेना के मुताबिक, हवा में 65 केबिन फंसे थे। एक केबिन में अधिकतम 6 लोग बैठ सकते हैं। शाम 7 बजे तक 151 लोगों को रस्सियों और सीढ़ियों के सहारे निकाला जा चुका है। 25 केबिनों में अभी भी लोग फंसे हुए हैं। इनमें कई महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग भी हैं।अधिकारियों के अनुसार सभी यात्रियों को निकालने में करीब चार घंटे और लग सकते हैं। अब तक किसी के घायल होने की खबर नहीं है। सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस, SDRF, NDRF की टीमें रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही हैं।गुलमर्ग गोंडोला दो फेज में बंटा है। पहला फेज गुलमर्ग को कोंगडोरी से जोड़ता है। दूसरा फेज कोंगडोरी से अफरवात स्टेशन तक जाता है। दोनों रूट में कुल 108 केबिन कार हैं। श्रीनगर से गुलमर्ग गोंडोला की दूरी 51 किमी है।
मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने कहा कि सरकार गुलमर्ग गोंडोला की स्थिति पर करीबी नजर रखे हुए हैं। मुख्यमंत्री कार्यालय के अनुसार सभी गोंडोला केबिन सुरक्षित हैं और फंसे हुए पर्यटकों को सुरक्षित निकाला जा रहा है।गुलमर्ग में हुई घटना के बाद हालात का जायजा लेने के लिए जम्मू-कश्मीर पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे। डीजीपी नलिन प्रभात, आईजीपी कश्मीर जोन वीके बिर्डी, डीआईजी सीकेआर राजीव पांडे सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर मौजूद रहे और स्थिति की समीक्षा की। अधिकारियों ने मौके पर चल रहे राहत एवं बचाव कार्यों का निरीक्षण किया तथा संबंधित एजेंसियों को तेजी से और प्रभावी ढंग से रेस्क्यू ऑपरेशन पूरा करने के निर्देश दिए। प्रशासन द्वारा पूरी स्थिति पर कड़ी नजर रखी जा रही है ताकि सभी प्रभावित लोगों को सुरक्षित निकाला जा सके।
- गुलमर्ग रोपवे एशिया का सबसे ऊंचा और सबसे लंबा केबल कार है। यह दुनिया का तीसरा सबसे ऊंचा केबल कार है। इसकी अधिकतम ऊंचाई करीब 3,980 मीटर है।
- यह गुलमर्ग से कोंगडोरी होते हुए अफरवात पीक तक जाता है। यह देश के सबसे लोकप्रिय पर्यटन स्थलों में गिना जाता है और गर्मियों में यहां बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचते हैं। यहां से बर्फीली चोटियों के शानदार नजारे दिखाई देते हैं।
- दुनिया का सबसे ऊंचा गोंडोला चीन का डागू ग्लेशियर गोंडोला है। यह सिचुआन प्रांत के डागू ग्लेशियर नेशनल पार्क में स्थित है और इसकी ऊंचाई करीब 4,860 मीटर है। यह केबल कार कुछ ही मिनटों में पर्यटकों को बर्फ से ढके ग्लेशियर टॉप तक पहुंचाती है।
- दूसरे नंबर पर वेनेजुएला का मेरिडा केबल कार आता है, जिसकी ऊंचाई लगभग 4,765 मीटर है। यह मेरिडा शहर को पिको एस्पेजो पर्वत से जोड़ता है और एंडीज पर्वतमाला का नजारा दिखाता है।
