” दोस्ती की आड़ में नहीं चलेगी छुरेबाजी”- सीएम योगी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को बिजनौर में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान गाजियाबाद के सूर्या चौहान हत्याकांड का जिक्र करते हुए कड़ा संदेश दिया। उन्होंने कहा कि दोस्ती के नाम पर हिंसा और छुरेबाजी जैसी घटनाएं किसी भी हाल में स्वीकार्य नहीं हैं।सीएम योगी ने कहा कि गाजियाबाद की घटना ने समाज को झकझोर दिया है।उन्होंने अभिभावकों की जिम्मेदारी पर जोर देते हुए कहा कि यदि माता-पिता अपने बच्चों को सही संस्कार और दिशा देने में असफल रहते हैं, तो यह गंभीर चिंता का विषय है।सीएम योगी ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि अहिंसा और करुणा मानवता के आभूषण हैं, लेकिन समाज और राष्ट्र के सामने दुष्ट एवं अपराधी प्रवृत्तियों से सख्ती से निपटना भी आवश्यक है। भगवान श्रीकृष्ण और भगवान श्रीराम के आदर्शों का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सज्जनों की रक्षा और दुष्कर्मियों के दमन के लिए दृढ़ता जरूरी है।इसके साथ ही उन्होंने चेतावनी भरे अंदाज में कहा, “हम सबको ध्यान में रखना होगा कि अहिंसा और करुणा मानवता के भूषण हैं किंतु शस्त्र उठाना होगा अगर सामने खर दूषण हैं।”
सीएम योगी सोमवार को बिजनौर जनपद में अफजलगढ़ क्षेत्र के आलमपुर गांवड़ी गांव पहुंचे। वहां बढ़ापुर विधायक कुंवर सुशांत सिंह समेत भारतीय जनता पार्टी के नेताओं ने उनका स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम स्थल के निकट लगाई गई विभिन्न प्रदर्शनियों का अवलोकन किया। उन्होंने स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा तैयार किए गए विदुर ब्रांड उत्पादों, कृषि एवं उद्यानिकी प्रदर्शनी, ऊर्जा विकास से जुड़े स्टॉलों तथा पुलिस विभाग की प्रदर्शनी का निरीक्षण किया।
