जिन्होंने दी जमीन, उन्होंने भरी पहली उड़ान; नोएडा से लखनऊ गए किसान…
नोएडा के जेवर एयरपोर्ट से पहली फ्लाइट लखनऊ एयरपोर्ट पर सुबह 10.30 पर लैंड हुई। इसमें 172 किसान आए हैं। ये वो किसान हैं, जिन्होंने एयरपोर्ट के निर्माण में अपनी जमीनें दी थीं। यात्रियों में 20 महिला किसान भी हैं।उनके साथ जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह भी आए।कई महिलाएं ऐसी हैं, जो पहली बार फ्लाइट में बैठीं। महिला किसान रीता ने बताया कि मैं पहली बार हवाई जहाज में बैठी, बहुत मजा आया।इससे पहले लखनऊ से भी इंडिगो की पहली फ्लाइट सुबह साढे 7 बजे जेवर के लिए रवाना हुई। उसमें अभिनेत्री गुल पनाग ने भी यात्रा की।
एक यात्री अबरार खान ने कहा, “हम नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से लखनऊ जाने वाली पहली फ्लाइट में सफर करके बहुत खुश और आभारी हैं। हमने जो सोचा था, वह आज हमारे सामने सच हो रहा है।” खान ने बताया कि उन्हें मुख्यमंत्री की तरफ से पहली फ्लाइट का हिस्सा बनने का न्योता मिला था। उन्होंने कहा कि यह सम्मान की बात है।पास के ही एक गांव की रहने वाली महिला हेरा रशीद ने कहा कि यह एक ऐतिहासिक पल है। उन्होंने कहा, “हम पहली उड़ान का अनुभव करेंगे। यह हमारे लिए मुफ्त है और हम लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलेंगे।”
इस प्रोजेक्ट पर करीब 11 हजार करोड़ रुपए खर्च हुए हैं। सभी चार फेज का काम पूरा हो जाने के बाद यह एशिया का सबसे बड़ा और दुनिया का छठा बड़ा एयरपोर्ट होगा। एयरपोर्ट का शिलान्यास 25 नवंबर 2021 को किया गया था। यानी 5 सालों में एयरपोर्ट बनकर तैयार हुआ।सीएम योगी ने कहा- जेवर अब वह जेवर नहीं रहा। यह क्षेत्र उत्तर प्रदेश में कभी सबसे अधिक आपराधिक गतिविधियों वाला माना जाता था। शाम होते ही आवागमन बंद हो जाता था, हर बेटी असुरक्षित महसूस करती थी। किसानों के लिए कोई सुविधा नहीं थी और उनका लगातार उत्पीड़न होता था।सड़क, सुविधा और रोजगार के अभाव में दिल्ली के नजदीक होने के बावजूद जेवर मात्र एक कस्बा और गांव बनकर रह गया था।अब आप सोचिए, यह क्षेत्र दिल्ली को टक्कर देने जा रहा है। दुनिया के हर बड़े व्यक्ति की नजर यहां है। आप परी की बात कर रहे थे, अब तो यहां कुबेर भी आना चाहेंगे।
नोएडा एयरपोर्ट की शुरुआत के पहले दिन एक खूबसूरत तस्वीर सामने आई है, जिसने हर किसी का मन मोह लिया। लखनऊ से नोएडा एयरपोर्ट पहुंची एक नन्ही बच्ची पायलट की ड्रेस में आई थी। क्यूट बच्ची को देख सभी की निगाहें इसी पर टिक गईं। बच्ची की पायलट की ड्रेस में बहुत क्यूट लग रही थी।पायलट की यूनिफॉर्म में सजी सफा, हाथ में बड़ा गुलदस्ता थामे, मुस्कान बिखेरती हुई चल रही थी। उसकी इस छोटी-सी उपस्थिति ने भव्य एयरपोर्ट के उद्घाटन को एक भावुक और यादगार पल बना दिया।
