सऊदी अरब में हेलिकॉप्टर क्रैश, 14 लोगों की मौत:मरने वाले सभी सऊदी के नागरिक…
सऊदी अरब के प्रमुख औद्योगिक और तेल केंद्र रास तनुरा से बड़ी खबर सामने आई है। दिग्गज तेल कंपनी सऊदी अरामको का एक हेलिकॉप्टर रविवार सुबह करीब छह बजे दुर्घटनाग्रस्त हो गया है। इस भीषण हादसे में हेलिकॉप्टर पर सवार सभी 14 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।सऊदी प्रेस एजेंसी (एसपीए) के मुताबिक, इस हादसे में जान गंवाने वाले सभी 14 लोग सऊदी अरब के ही नागरिक थे। यह दुर्घटना रास तनुरा क्षेत्र में हुई, जो फारस की खाड़ी के तट पर स्थित सऊदी अरामको का एक बेहद महत्वपूर्ण तेल और औद्योगिक हब माना जाता है। ऊर्जा मंत्रालय ने इस हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए मृतकों के परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं और सहानुभूति प्रकट की हैं।
यह भीषण हेलीकॉप्टर हादसा तब घटित हुआ है जब सऊदी अरामको ने शुक्रवार (25 जून, 2026) से ही रास तनुरा स्थित अपने ऑयल टर्मिनल से कच्चे तेल की लोडिंग फिर से शुरू की थी। यह गतिविधि पिछले करीब चार महीने तक पश्चिम एशिया में अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच जारी युद्ध और संघर्ष के कारण बंद थी, जिसे युद्ध के दोनों पक्षों के बीच प्राथमिक शांति समझौते पर साइन होने के बाद हाल ही में फिर से बहाल किया गया था।दुर्घटना का कारण अभी पता नहीं चल पाया है।मंत्रालय ने बताया कि दुर्घटना के तुरंत बाद संबंधित अधिकारियों को काम पर लगा दिया गया है। हेलिकॉप्टर के क्रैश होने के असली कारणों का पता लगाने के लिए एक उच्च स्तरीय जांच शुरू कर दी गई है। फिलहाल प्रशासन की ओर से हेलिकॉप्टर के मॉडल या इस बात की जानकारी साझा नहीं की गई है कि इस हादसे से अरामको के तेल परिचालन पर कोई असर पड़ा है या नहीं।
