यूपी के कासगंज में ट्रेनी विमान हाईवे पर क्रैश,पायलट गंभीर रूप से घायल…
अलीगढ़ की धनीपुर हवाई पट्टी से प्रशिक्षण उड़ान पर निकला एक प्रशिक्षु विमान सोमवार शाम करीब चार बजे कासगंज पुलिस लाइन के पीछे तकनीकी खराबी आने के बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गया।आज दोपहर चार बजे के लगभग अलीगढ़ एयरपोर्ट पर ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट चेतक एविएशन का एक एयरक्राफ्ट कासगंज के ऊपर से गुजर रहा था। बताया जा रहा है कि उसमें एकमात्र महिला पायलट कायनात खान मौजूद थीं। किसी तकनीकि गड़बड़ी के कारण एयरक्राफ्ट ने एक-दो चक्कर लगाए और वह बिजली के तार से टकराकर पुलिस लाइन के पीछे बरेली-मथुरा हाईवे के किनारे गिर गया। एयरक्राफ्ट में मौजूद महिला पायलट कायनात खान हादसे में गंभीर घायल हो गईं, स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती किया गया है। अलीगढ़ से एयरक्राफ्ट की टीम पहुंच गई है। विमान के क्रैश होने की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। दुर्घटनास्थल को घेरकर जांच शुरू कर दी गई है।
