वायनाड में लैंडस्लाइड से तबाही,खिलौने की तरह बह गया मलबे संग इमारत-टैंकर,कई मलबे में दबे…
केरलम के वायनाड में मंगलवार सुबह तेज बारिश के चलते लैंडस्लाइड हुई। हादसे में 2 लोगों की मौत हो गई, 8 लोग घायल हुए हैं। कई लोगों के मलबे में दबे होने की सूचना है। हादसा कल्लाडी स्थित मीनाक्षी ब्रिज के पास हुआ।यहां मलप्पुरम-वायनाड टनल प्रोजेक्ट के कंस्ट्रक्शन का काम चल रहा है। टनल से मिट्टी निकालकर बाहर जमा की गई थी। बारिश के चलते मिट्टी खिसक गई, जिससे पेड़ उखड़ गए और बैरिकेड भी बह गए।पुलिस, NDRF की टीम रेस्क्यू कर रही है। मलबा हटाने के लिए JCB मशीनें लगाई गई हैं। अधिकारियों के अनुसार, लगातार बारिश के कारण सोमवार से ही सुरंग कंस्ट्रक्शन का काम रोक दिया गया था।
इसी बीच भूस्खलन का दहला देने वाला वीडियो सामने आया है। सामने आए भूस्खलन के वीडियो में एक टैंकर, बस और कुछ लोग तेजी से बह रहे मलबे और पानी की चपेट में आ गए। वीडियो में दिख रहा है कि भूस्खलन के बाद तेजी से बहकर आए मलबे के चलते टैंकर और बस कई सौ मीटर पीछे फिसलकर आ गए। जिससे उसकी चपेट में कई लोग आ गई।दस घायल लोगों का दो अस्पतालों में इलाज चल रहा है जबकि बचावकर्मी मलबे में फंसे लोगों तक पहुंचने के लिए तेजी से काम कर रहे हैं। इस बड़े भूस्खलन में एक चर्च और पास का एक घर भी बह गया। अच्छी बात यह रही कि घर पर ताला लगा था क्योंकि उसमें रहने वाले लोग मक्का की तीर्थयात्रा पर गए हुए थे और घटना के समय चर्च के अंदर भी कोई नहीं था।
केरलम के मुख्यमंत्री वीडी. सतीशन ने इस हादसे के तुरंत बाद राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (KSDMA) के अधिकारियों के साथ बैठक की और कहा कि यह हादसा मौसम विभाग की चेतावनी न मिलने की वजह से नहीं, बल्कि ठेकेदारों की लापरवाही के कारण हुआ है।मुख्यमंत्री ने कहा, ‘लोक निर्माण विभाग (PWD) के मंत्री पी. के. बशीर और जिला कलेक्टर ने ठेकेदारों को पहले ही इलाके में जमा भारी मात्रा में कीचड़ और मलबे को हटाने के निर्देश दिए थे। इसके अलावा ठेकेदारों को यह चेतावनी काफी समय पहले दी गई थी, लेकिन उन्होंने अधिकारियों के आदेशों का पालन नहीं किया।’
