सिक्किमः भूस्खलन से निर्माणाधीन सुरंग में फंसे श्रमिक,झोलुंगे सुरंग में गैस रिसाव के बाद फंसे 16 मजदूरों को सुरक्षित निकाला…
पूर्वी सिक्किम के मामरिंग क्षेत्र में निर्माणाधीन तीस्ता जलविद्युत परियोजना चरण-6 की झोलुंगे (समरदुंग) ऑडिट सुरंग में सोमवार को भूस्खलन के बाद गैस रिसाव होने से 16 मजदूर सुरंग के भीतर फंस गए। कई घंटे तक चले राहत एवं बचाव अभियान के बाद सभी मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।स्थिति उस समय और गंभीर हो गई, जब सुरंग के भीतर प्राकृतिक गैस रिसाव की आशंका सामने आई। गैस की मौजूदगी के कारण राहत और बचाव अभियान में अतिरिक्त सावधानी बरतनी पड़ी।प्रारंभिक जानकारी के अनुसार सुरंग के भीतर भूस्खलन होने से एक हिस्सा अवरुद्ध हो गया और उसके बाद गैस का रिसाव शुरू हो गया। इससे सुरंग के अंदर फंसे मजदूरों तक पहुंचने में बचाव दल को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। सूचना मिलते ही सिक्किम पुलिस, राज्य अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ तथा अन्य संबंधित एजेंसियां मौके पर पहुंचीं और संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।
अधिकारियों ने बताया कि समरदुंग सुरंग एक राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजना का हिस्सा है और यहां निर्माण कार्य जारी था। सोमवार दोपहर अचानक हुए भूस्खलन से सुरंग का प्रवेश मार्ग पूरी तरह मलबे से भर गया, जिससे अंदर काम कर रहे श्रमिक बाहर नहीं निकल सके।बचाव कार्य के दौरान गैस के प्रभाव के कारण पश्चिम बंगाल से पहुंची रेस्क्यू टीम के कुछ सदस्य चक्कर आने के बाद अचेत हो गए। उन्हें तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाकर उपचार दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि सुरंग के भीतर आक्सीजन का स्तर कम होने और प्रतिकूल परिस्थितियों के कारण अभियान बेहद चुनौतीपूर्ण रहा। पुलिस और अग्निशमन विभाग के अधिकारियों ने समन्वित अभियान चलाते हुए 16 मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकालने में सफलता हासिल की।
