पीएम आवास के बाहर कांग्रेस का धरना खत्म,प्रदर्शनकारी हटाए गए,हिरासत में लिए गए राहुल,प्रियंका-अखिलेश…
पीएम आवास के पास मंगलवार दोपहर साढ़े तीन बजे धरने पर बैठे कांग्रेसियों को पुलिस शाम साढ़े 6 बजे उठाकर ले गई। राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे, अखिलेश यादव समेत कई नेता को हिरासत में ले लिया है।दिल्ली पलिस के अधिकारियों ने राहुल गांधी को धरना खत्म करने और जगह खाली करने के लिए समझाया, लेकिन राहुल गांधी नहीं माने। इसके बाद राहुल ने DCP को कहा कि आप ही लोगों से हटने को कह दीजिए। इसके बाद DCP ने निर्देश दे दिया कि सबको हिरासत में लिया जाए। कांग्रेस ने एक्स पर पोस्ट कर आरोप लगाया कि धरना स्थल से पुलिस भेजकर जबरन नेता विपक्ष और कांग्रेस के सांसदों को गिरफ्तार कर रही है। पुलिस सांसदों के साथ बर्बरता कर रही है।
पीएम आवास के पास से हटाने के लिए केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह और गृह सचिव गोविंद मोहन पहुंचे थे। राहुल गांधी से करीब 20 मिनट बात की। इसके बाद जितेंद्र सिंह गृह मंत्री अमित शाह के पास गए। शाह से बातचीत के बाद उन्होंने फिर राहुल से बात की।हालांकि काफी देर बात करने के बाद भी कोई नतीजा नहीं निकला और वह राहुल व कांग्रेस कार्यकर्ताओं को प्रदर्शन से नहीं हटा सके।सोशल मीडिया पोस्ट में जितेंद्र सिंह ने बताया कि राहुल गांधी की मांग थी कि NEET पर संसद में चर्चा हो। राहुल की यह मांग मान ली गई थी। लेकिन राहुल अपनी बात से मुकर गए। वह बोले- अब हमारी दो मांगे हैं। पहली- NEET पर संसद में चर्चा, दूसरी शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान का इस्तीफा।केंद्रीय मंत्री ने कहा, ”जब गृह सचिव ने यह समझाने का प्रयास किया कि यह स्थल धरने के लिए अनुकूल नही हैं तो उनका उत्तर था कि ये भी उनकी मर्जी है वे जहां बैठें। राहुल गांधी जैसे वरिष्ठ नेता एवं नेता प्रतिपक्ष काअपनी बात से मुकर जाना दुर्भाग्यपूर्ण है और लोकतंत्र की हर मर्यादा के विपरीत है। सरकार नीट और उससे संबंधित आंदोलन के साथ जुड़े सभी विषयों पर संसद में चर्चा करने के लिए तैयार है। इसके विपरीत, कांग्रेस पार्टी ने आज तक इस गंभीर विषय पर नियमानुसार औपचारिक चर्चा करने का कोई नोटिस नहीं दिया है। राहुल गांधी का व्यवहार लोकतंत्र के उसूलों से मेल नहीं खाता है।”
सरकार ने 3 घंटे के धरने में राहुल से 2 बार बातचीत की, लेकिन वे नहीं माने। इसके बाद 100 से ज्यादा पुलिसकर्मी पहुंचे तो कांग्रेसियों ने घेरा बना लिया और राहुल तक पहुंचने नहीं दिया।कांग्रेसियों और पुलिस के बीच आधे घंटे तक धक्का-मुक्की होती रही। पुलिस ने लाठीचार्ज किया। आखिर में 12 से ज्यादा पुलिसकर्मी उन्हें उठाकर ले गए और बस में बैठाया।राहुल गांधी को प्रधानमंत्री आवास के बाहर से डिटेन कर मॉडल टाउन थाने ले जाया गया है।
