लोक परीक्षा संशोधन विधेयक लोकसभा में पास,राज्यसभा में वंदेमातरम से जुड़ा संशोधित बिल पास…
लोकसभा में पेपर लीक से जुड़ा ‘लोक परीक्षा (अनुचित साधनों की रोकथाम) संशोधन विधेयक, 2026 बुधवार को ध्वनि मत से पास हो गया।बिल पर मंगलवार को 9 घंटे चर्चा हुई। बुधवार को विपक्ष की तरफ से राहुल गांधी बिल पर 50 मिनट बोले। विपक्ष के हंगामे के बीच बिल पास हुआ।जितेंद्र सिंह के बयान के दौरान सदन में हंगामा के आसार बन रहे थे। इस दौरान ही स्पीकर ने ध्वनिमत से विधेयक पारित कर दिया।इसके तहत पेपर लीक से जुड़े कानून सख्त कर दिए हैं। अब पेपर लीक से जुड़े अपराधों में अधिकतम 10 साल तक की जेल और 10 करोड़ रुपए तक के जुर्माने का प्रावधान किया गया है।विधेयक का उद्देश्य परीक्षा प्रणालियों में अधिक पारदर्शिता, निष्पक्षता और विश्वसनीयता लाना है और युवाओं को आश्वस्त करना है कि उनका भविष्य सुरक्षित है।संसद के मानसून सत्र में मंगलवार को पेपर लीक के मुद्दे पर लंबी और गरमागरम बहस हुई। प्रियंका गांधी ने नए संसोधनों की आलोचना की और पीएम मोदी द्वारा गठित उच्च स्तरीय टास्क फोर्स के सदस्यों का मजाक उड़ाया। इस पर सत्ता पक्ष ने भी कांग्रेस और प्रियंका गांधी पर जमकर निशाना साधा और पेपर लीक मुद्दे का राजनीतिकरण करने का आरोप लगाया।
वहीं राज्यसभा में राष्ट्रीय सम्मान अपमान निवारण संशोधन विधेयक (2026) बिल पास हो गया। अब जन-गण-मन की तरह वंदे मातरम को कानूनी संरक्षण मिलेगा। वंदे मातरम का अपमान, अनादर और गायन में बाधा डालना दंडनीय अपराध होगा।अब राष्ट्रीय गीत का जानबूझकर अपमान करना या उसके गायन में बाधा डालना आपराधिक अपराध माना जाएगा। ऐसे मामलों में अधिकतम तीन वर्ष तक की जेल का प्रावधान है। यह संशोधन 1971 के राष्ट्रीय सम्मान कानून के दायरे का विस्तार करता है, जिसमें पहले केवल राष्ट्रीय ध्वज, संविधान और राष्ट्रगान ‘जन गण मन’ को कानूनी संरक्षण प्राप्त था। विपक्ष के हंगामे और वॉकआउट के बीच विधेयक पारित हुआ। इसके बाद राज्यसभा कल तक के लिए स्थगित कर दी गई।
