श्रीकृष्ण जन्मस्थान पर 9 अगस्त को कारसेवा की घोषणा से पुलिस सतर्क,पहुंचने लगे साधु-संत…
श्रीकृष्ण जन्मस्थान पर कारसेवा करने और शाही मस्जिद ईदगाह का गुंबद तोड़ने की साधु-संतों की घोषणा के बाद पुलिस प्रशासन सतर्क हो गया है।कारसेवा के लिए समर्थन जुटा रहे गोवर्धन के जुल्हैंदी स्थित श्रीचित्रगुप्त पीठ पर बुधवार को पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने यहां के पीठाधीश्वर डा. स्वामी सच्चिदानंद महाराज को शांतिभंग का नोटिस दिया और किसी भी कारसेवा में शामिल होने या फिर आह्वान न करने को कहा। सीओ ने बताया कि शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पीठाधीश्वर को नोटिस जारी किया गया है। उधर, डॉ. स्वामी सच्चिदानंद महाराज ने कहा है कि नोटिस देना पुलिस का काम है। प्रभु के लिए काम हम लोग कर रहे हैं। कारसेवा में कोई बदलाव नहीं होगा।पिछले दिनों अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष श्रीमहांत रविंद्र पुरी ने हरिद्वार में दो दिन पहले घोषणा की थी कि वह साधु-संतों के साथ नौ अगस्त को श्रीकृष्ण जन्मस्थान पहुंचकर कारसेवा करेंगे।इसकी तैयारियां जोरों पर चल रही हैं। देशभर के साधु-संतों का आगमन अभी से शुरू हो गया है। इस आयोजन में 13 अखाड़ों से महंतों के शामिल होने का दावा किया जा रहा है।
मंदिर निर्माण के संकल्प को सिद्धि तक पहुंचाने के लिए चित्रगुप्त पीठ पर कई महत्वपूर्ण धार्मिक अनुष्ठान किए जा रहे हैं।प्रथम पूजन:- आज दिल्ली की जगह गोवर्धन के चित्रगुप्त पीठ पर ही इन गुलाबी पत्थरों का प्रथम पूजन किया जाएगा।भागवत कथा का विश्राम:- 2 अगस्त से चित्रगुप्त पीठ पर चल रही श्रीमद्भागवत कथा का आज विधिवत समापन (विश्राम) होगा।अखंड संकीर्तन का शुभारंभ:- आज शाम से शुरू होकर कल सुबह तक प्रभु के नाम का अखंड संकीर्तन किया जाएगा।कल सुबह चित्रगुप्त पीठ पर एक विशाल महायज्ञ का शुभारंभ होगा। संतों ने संकल्प लिया है कि यह यज्ञ तब तक निरंतर चलता रहेगा, जब तक प्रभु श्री कृष्ण अपनी जन्मस्थली पर भव्य रूप से विराजमान नहीं हो जाते।प्रथम शिला का पूजन:- कल ही सर्व प्रथम स्थापित की जाने वाली ‘प्रथम शिला’ का विधिवत पूजन किया जाएगा।कार सेवा के द्वितीय चरण का ऐलान:-कल तक पहले चरण की घोषणा—पूजन, भजन और कीर्तन के साथ पूर्ण हो जाएगी।इसके तुरंत बाद, कार सेवा के द्वितीय चरण का औपचारिक उद्घोष किया जाएगा, जो श्री कृष्ण जन्मभूमि आंदोलन में एक मील का पत्थर साबित होगा।
श्रीकृष्ण जन्मभूमि मंदिर निर्माण के इरादे से मंगाए गए गुलाबी पत्थरों की पहली खेप शुक्रवार की देर रात पहुंच गई। ये पत्थर भरतपुर स्थित बंसीपहाड़पुर से मंगाए गए हैं। इन्हीं पत्थरों से अयोध्या में श्रीराम के भव्य मंदिर का निर्माण किया गया है। चित्रगुप्त पीठाधीश्वर स्वामी सच्चिदानंद महाराज ने ये पत्थर मंगवाए हैं। अब रविवार को शंखनाद के साथ पत्थर तराशने का काम शुरू होगा।इन पत्थरों को विशेष तौर पर श्री कृष्ण जन्मभूमि पर प्रस्तावित भव्य मंदिर निर्माण के लिए मंगाया गया है।
