बारिश और लैंडस्लाइड से रास्ते खराब होने के कारण अमरनाथ यात्रा 20 दिन पहले रोकी गई,28 अगस्त को छड़ी मुबारक…
अमरनाथ यात्रा को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है।लगातार बारिश और लैंडस्लाइड के कारण रास्ते खराब हो जाने के कारण यह फैसला लिया गया।अब जो जत्थे यात्रा पर हैं, उन्हीं की यात्रा पूरी कराई जाएगी। नए जत्थे नहीं भेजे जाएंगे। अब तक 4.8 लाख से ज्यादा श्रद्धालु पवित्र गुफा के दर्शन कर चुके हैं।लगातार बिगड़ते मौसम, अगले कुछ दिनों में भारी बारिश की चेतावनी और श्रद्धालुओं की संख्या में आई कमी को देखते हुए प्रशासन ने यह बड़ा फैसला लिया है।इस वर्ष 3 जुलाई से शुरू हुई 57 दिवसीय पवित्र श्री अमरनाथ जी यात्रा का समापन 28 अगस्त 2026 को पवित्र ‘छड़ी मुबारक’ के पूजन और आगमन के साथ होगा। यह यात्रा अनंतनाग जिले के चंदनवाड़ी मार्ग और गांदरबल जिले के बालटाल मार्ग से एक साथ शुरू हुई थी।डिविजनल कमिश्नर कश्मीर अंशुल गर्ग ने बताया कि IMD ने अगले कुछ दिनों में खराब मौसम का पूर्वानुमान जारी किया है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए 9 अगस्त से दोनों रूट पर यात्रा रोकने का फैसला किया गया है।
स्थानीय मौसम विभाग ने एक एडवाइजरी जारी की है जिसने चिंता बढ़ा दी है। एडवाइजरी के मुताबिक 11 अगस्त तक जम्मू संभाग के कई इलाकों में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। इसके साथ ही फ्लैश फ्लड और भूस्खलन का खतरा भी मंडरा रहा है। पहाड़ी इलाकों में लगातार हो रही बारिश से नदी-नाले उफान पर हैं। यात्रा भले ही 9 अगस्त से श्रद्धालुओं के लिए बंद हो जाएगी, लेकिन पारंपरिक छड़ी मुबारक कार्यक्रम के साथ इसका धार्मिक समापन होगा। पवित्र छड़ी 28 अगस्त को पारंपरिक पहलगाम मार्ग से अमरनाथ गुफा तक जाएगी और इसी के साथ अमरनाथ यात्रा-2026 का औपचारिक समापन होगा।
