स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर 78 वीरता पुरस्कारों का एलान,इस बार 19 शौर्य चक्र…
भारत में इस साल शनिवार (15 अगस्त, 2026) को देश का 80वां स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर केंद्रीय गृह मंत्रालय ने वीरता और सेवा पदकों से सम्मानित करने की घोषणा की है। रक्षा बलों और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों के जवानों को 78 वीरता पुरस्कार देने की मंजूरी दी है। इनमें 13 मरणोपरांत दिए जाने वाले पुरस्कार शामिल हैं। राष्ट्रपति की मंजूरी से दिए जाने वाले वीरता पुरस्कारों में सात मरणोपरांत सहित नौ कीर्ति चक्र शामिल हैं। इस संबंध में केंद्रीय गृह मंत्रालय ने औपचारिक अधिसूचना भी जारी कर दी है।अधिसूचना के मुताबिक, कुल 1,057 पुरस्कारों में से 301 वीरता पदक, विशिष्ट सेवा के लिए 92 राष्ट्रपति पदक और सराहनीय सेवा के लिए कुल 664 पदक प्रदान किए गए हैं। इन 301 वीरता पदकों में से ज्यादातर पुरस्कार वामपंथी उग्रवाद प्रभावित इलाकों में तैनात 197 कर्मियों को दिए गए हैं। इसके साथ ही, जम्मू कश्मीर क्षेत्र के 51, उत्तर-पूर्वी क्षेत्र के 12 और अन्य क्षेत्रों के कुल 41 कर्मियों को उनके साहस से भरे कार्यों के लिए उन्हें सम्मानित किया गया है।
वहीं, वीरता पदक प्राप्त करने वाले कुल 301 कर्मियों में 272 पुलिसकर्मी और 29 फायर सर्विस के कर्मियों को पुरस्कार दिया गया है। दरअसल, वीरता पदक जिंदगी और संपत्ति की रक्षा करने, अपराध को रोकने या अपराधियों को गिरफ्तार करने के लिए किए गए उत्कृष्ट साहसिक कार्यों के लिए दिया जाता है। इसके साथ ही, इसमें संबंधित अधिकारी के दायित्वों और कर्तव्यों को ध्यान में रखते हुए उठाए गए जोखिमों का भी ध्यान रखा जाता है।
