नीरज चोपड़ा को इंजरी ने दिया बड़ा झटका, हुए एशियन गेम्स 2026 से बाहर…
भारत के स्टार जैवलिन थ्रोअर नीरज चोपड़ा 2026 एशियाई खेलों से बाहर हो गए हैं। इंजरी ने नीरज को बड़ा झटका दिया।उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर करते हुए अपनी इंजरी और बाकी सीजन से बाहर होने की जानकारी दी।चोपड़ा ने पोस्ट में लिखा, लॉजेन डायमंड लीग में सीजन का बेस्ट थ्रो करने के कुछ समय बाद ट्रेनिंग के दौरान टखने में चोट लगी। इससे लिगामेंट फट गया।इस चोट के कारण नीरज 5 सितंबर को ब्रसेल्स में होने वाले डायमंड लीग फाइनल में भी हिस्सा नहीं ले पाएंगे। इसके अलावा 11 से 13 सितंबर तक बुडापेस्ट में होने वाली पहली वर्ल्ड एथलेटिक्स अल्टीमेट चैंपियनशिप से भी बाहर रहेंगे।
नीरज ने अपनी पोस्ट में लिखा, “काफी मेहनत के बाद, मुझे लगा कि लॉजेन में ‘सीजन के बेस्ट थ्रो’ के साथ मुझे वह रिदम मिल रहा है जिसकी मुझे तलाश थी।लेकिन अफसोस, इसके कुछ वक्त बाद ट्रेनिंग के दौरान मेरे एंकल में लिगामेंट टियर हुआ। डॉक्टर और टीम से सलाह के बाद फैसला किया है कि मैं इस सीजन के बाकी हिस्से में हिस्सा नहीं लूंगा।”लेकिन जैसा कि कहा जाता है, रुकावटें सफर का हिस्सा होती हैं।अब मेरा ध्यान अच्छी तरह से रिकवर होने और और भी मजबूती से वापसी करने पर है।”
नीरज ने लॉजेन डायमंड लीग में दूसरे स्थान पर रहे थे। उन्होंने शुक्रवार को ही डायमंड लीग फाइनल के लिए क्वालिफाई किया था। उन्होंने इस सीजन में दो डायमंड लीग मुकाबले खेले और दोनों में दूसरे स्थान पर रहे।19 जून को दोहा और 21 अगस्त को लॉजेन में दूसरे स्थान पर रहने से उन्हें कुल 12 अंक मिले। वे स्टैंडिंग में छठे स्थान पर रहे और 5 सितंबर को ब्रसेल्स में होने वाले फाइनल के लिए क्वालिफाई किया। अब टखने की चोट के कारण वे इस फाइनल में हिस्सा नहीं ले पाएंगे।हालांकि उनकी पोस्ट में एशियाई खेलों का जिक्र नहीं किया, लेकिन पूरे सीजन से बाहर होने का मतलब यही होता है कि वह उससे भी बाहर हो गए।
पिछले यानी 2023 के एशियाई खेलों में नीरज चोपड़ा ने गोल्ड मेडल जीता था। चीन के हांगझोऊ में हुई प्रतियोगिता में नीरज ने 88.88 मीटर का थ्रो किया था। इसके साथ किशोर जेना ने सिल्वर मेडल अपने नाम किया था। भारत ने पुरुष जैवलिन प्रतियोगिता में डबल पोडियम फिनिश किया था।नीरज पिछले साल सितंबर से लोअर बैक इंजरी से परेशान थे। इसी वजह से उनका 2026 सीजन भी देर से शुरू हुआ। उन्होंने दोहा डायमंड लीग से वापसी की।
ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स में भी वे पूरी तरह फिट नहीं थे। इसके बावजूद उन्होंने 85.83 मीटर थ्रो के साथ सिल्वर मेडल जीता। श्रीलंका के रुमेश थरांगा ने 89.75 मीटर के थ्रो के साथ गोल्ड जीता था।नीरज चोपड़ा ने 2018 जकार्ता और 2023 हांगझोऊ एशियन गेम्स में भारत के लिए गोल्ड मेडल जीता था। ओलिंपिक में भी उनका प्रदर्शन शानदार रहा है। उन्होंने टोक्यो 2021 में गोल्ड और पेरिस 2024 में सिल्वर मेडल हासिल किया।2023 बुडापेस्ट वर्ल्ड चैंपियनशिप में गोल्ड जीतकर नीरज एथलेटिक्स में वर्ल्ड चैंपियनशिप का गोल्ड जीतने वाले पहले भारतीय बने थे।
