मोदी ने फिर की अपील-जरूरत न हो तो सोना नहीं खरीदें,अपील के बाद ₹5100 तक टूटा सोना-चांदी,भारत की GDP 7.8% दर से बढ़ी….
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की जीडीपी ग्रोथ रेट 7.8% रहने पर देशवासियों को बधाई दी। उन्होंने मंगलवार को सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर कहा कि यह उपलब्धि देशवासियों की इच्छाशक्ति, मेहनत और सामूहिक ताकत का नतीजा है।PM ने एक बार फिर लोगों से गैर-जरूरी सोने की खरीदारी से बचने की अपील की। उन्होंने कहा, ‘अगर जरूरत न हो तो सोना नहीं खरीदना चाहिए।’ इससे पहले 10 मई को भी PM ने देशवासियों से सोना नहीं खरीदने की अपील की थी।विदेश में छुट्टियां और डेस्टिनेशन वेडिंग भी टालें। इसके पीछे मकसद विदेशी मुद्रा बचाना और देश के भीतर खर्च बढ़ाना है।पीएम मोदी ने कहा- देश के अंदर कुछ लोग निराशा फैलाने और ‘झूठ की गूंज’ के सहारे माहौल खराब करने में लगे हैं। इन सभी चुनौतियों के बावजूद भारत ने 7.8% की विकास दर हासिल की है। देश को यही रफ्तार बनाए रखनी होगी और आगे भी तेजी से विकास करना होगा।उन्होंने कहा, विदेश में घूमने के लिए यात्राएं करने और विदेश में शादी करने से बचना चाहिए। लोगों को मेक इन इंडिया के मंत्र के साथ आगे बढ़ना चाहिए।जितना ज्यादा स्वदेशी और आत्मनिर्भरता पर जोर दिया जाएगा, भारत उतनी ही मजबूती से आगे बढ़ेगा। मुझे पूरा विश्वास है कि जब भारत अपनी आजादी के 100 साल पूरे करेगा, तब देश की युवा पीढ़ी को एक विकसित भारत सौंपा जाएगा।
भारत अपनी जरूरत का ज्यादातर सोना विदेश से मंगाता है। इसका भुगतान डॉलर में होता है।सोने का आयात बढ़ने पर देश का आयात बिल और व्यापार घाटा बढ़ता है। इससे रुपये और विदेशी मुद्रा भंडार पर भी दबाव पड़ सकता है।वित्त वर्ष 2025-26 में भारत का सोना आयात बढ़कर करीब 71.98 अरब डॉलर हो गया था। यह पिछले वित्त वर्ष के मुकाबले लगभग 24 प्रतिशत अधिक था। ऐसे में प्रधानमंत्री की अपील केवल लोगों की निजी खरीद से जुड़ी नहीं है।इसके पीछे देश से बाहर जा रहे डॉलर को बचाने की चिंता भी है।मोदी ने लोगों से गैर-जरूरी सोना न खरीदने के साथ विदेशी यात्राएं और विदेश में होने वाली शादियां टालने की बात कही है।उनका जोर पैसा देश के भीतर खर्च करने और स्थानीय कारोबार को बढ़ावा देने पर है।
अगस्त के आखिरी हफ्ते में सोने और चांदी की कीमतों में अचानक आई भारी गिरावट ने निवेशकों और आम खरीदारों को चौंका दिया है। 24 से 31 अगस्त के बीच सोना 5.50% और चांदी 6.50% तक टूट गया। सितंबर महीने की शुरुआत भी सोने और चांदी की कीमतों में गिरावट से शुरू हुई और इसकी वजह रही- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का बयान। जिसमें उन्होंने एक बार फिर सोना-चांदी न खरीदने की अपील की। जिसके बाद बाजार खुलते कीमतें गिर गईं। शाम 6.30 बजे तक सोना 2524 रुपए टूटकर 1,51,936 रुपए प्रति 10 ग्राम पर आ गया। जबकि चांदी 5120 रुपए गिरकर 2,35,001 रुपए प्रति किलोग्राम पर आ गई।
