भारत करेगा पहले महिला चैंपियंस ट्रॉफी की मेजबानी,ICC ने किया एलान…
ICC महिला चैंपियंस ट्रॉफी के पहले संस्करण की मेजबानी भारत करेगा।आईसीसी ने आज इसकी आधिकारिक घोषणा कर दी है। यह छह टीमों का टूर्नामेंट 14 से 28 फरवरी तक मुंबई और वडोदरा में खेला जाएगा। मुंबई का क्रिकेट क्लब ऑफ इंडिया और वडोदरा इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम इस अहम टूर्नामेंट की मेजबानी करेंगे। इसमें ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड, भारत, न्यूज़ीलैंड, दक्षिण अफ्रीका और श्रीलंका की टीमें हिस्सा लेंगी।
आईसीसी ने बताया कि ये टूर्नामेंट पहले श्रीलंका में आयोजित होना था, लेकिन अब इसे भारत में शिफ्ट किया गया है। श्रीलंका क्रिकेट के प्रशासन में सरकारी हस्तक्षेप के कारण इसे श्रीलंका से बाहर स्थानांतरित किया गया है। आईसीसी ने टूर्नामेंट की मेजबानी के लिए तीन दावेदारों बांग्लादेश, भारत और दक्षिण अफ्रीका का उनके तय मेजबान मूल्यांकन मानदंडों के आधार पर आकलन किया और फिर भारत को वैकल्पिक मेजबान के तौर पर चुनने की सिफारिश की। इस फैसले को एक सितंबर को आईसीसी बोर्ड ने मंजूरी दी।आईसीसी अध्यक्ष जय शाह ने कहा, आईसीसी महिला चैंपियंस ट्रॉफी 2027 महिला क्रिकेट के लिए एक रोमांचक नए अध्याय की शुरुआत है। टूर्नामेंट के पहले संस्करण के तौर पर यह दुनिया की बेहतरीन टीमों को एक कड़े और हाई-क्वालिटी मुकाबले में एक साथ लाएगा। साथ ही यह टीमों को रैंकिंग में ऊपर चढ़ने और वैश्विक स्तर पर जगह बनाने के लिए और भी ज्यादा प्रेरित करेगा। अब जब आईसीसी का कोई बड़ा महिला टूर्नामेंट हर साल हो रहा है, तो हमारे पास महिला क्रिकेट, इसकी खिलाड़ियों और दुनिया भर में इसके फैंस के लिए बेहतर गति बनाने, ज्यादा निरंतरता लाने और एक मजबूत लय तैयार करने का एक बड़ा मौका है।
