महिला एशिया कप 2026: भारतीय टीम ने पाकिस्तान को चटाई धूल, 8.4 ओवर में जीता मैच….
भारतीय महिला टीम ने टी-20 एशिया कप में पाकिस्तान को 7 विकेट से हराया। उसने 56 रन का टारगेट 8.4 ओवर में 3 विकेट पर चेज कर लिया। कप्तान हरमनप्रीत कौर ने छक्का लगाकर टीम को जीत दिलाई।पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 18.1 ओवर में 55 रन बनाए। जवाब में भारत ने 8.4 ओवर में तीन विकेट पर 57 रन बनाकर मैच अपने नाम किया। एशिया कप में भारत की यह लगातार तीसरी जीत है। ग्रुप चरण में भारत अजेय रहा। हरमनप्रीत कौर की अगुआई वाली भारतीय टीम पहले ही सेमीफाइनल में जगह पक्की कर चुकी थी। पाकिस्तान को अब हॉन्गकॉन्ग के खिलाफ हर हाल में जीत दर्ज करनी होगी।
पहले बैटिंग करने के बाद पाकिस्तान 18.1 ओवर में सिर्फ 55 रन पर ऑलआउट हो गई। यह टीम के लिए टी20 इंटरनेशनल का सबसे छोटा टोटल रहा। चेज के लिए उतरी टीम इंडिया ने 8.4 ओवर यानी 52 गेंदों में जीत हासिल कर ली। छोट से चेज में भारत के लिए कप्तान हरमनप्रीत कौर ने 18 गेंदों में 18 रनों की सबसे बड़ी पारी खेली, जिसमें 1 चौके और 1 छक्का शामिल रहे। इस दौरान पाकिस्तान के लिए कप्तान फातिमा ने 3 विकेट लिए।यह महिला टी20 इंटरनेशनल में भारत की पाकिस्तान के खिलाफ 15वीं जीत रही।
मैच में पाकिस्तान ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी चुनी।टीम का यह फैसला बिल्कुल गलत साबित हुआ। टीम ने 27 रन पर पहला विकेट गंवाया।इसके बाद टीम 55 रन पर ऑलआउट हो गई। यानी अगले 28 रन पर टीम के 9 विकेट गिर गए। ओपनिंग पर उतरी शवाल जुल्फिकार ने 14 रनों की सबसे बड़ी पारी खेली, जिसमें 3 चौके शामिल रहे। साथी ओपनर मुनीबा अली ने 13 रन बनाए। इसके अलावा बाकी 9 बल्लेबाज तो दहाई का आंकड़ा भी पार नहीं कर सकीं। पहली पारी में भारत के लिए श्री चरणी और प्रेमा रावत ने सबसे ज्यादा 3-3 विकेट लिए।बाकी दीप्ति शर्मा ने 2 विकेट और शेफाली वर्मा ने 1 विकेट अपने खाते में डाला।चरणी ने 4 ओवर में 07 रन, प्रेमा ने 4 ओवर में 09 रन, दीप्ति ने 3.1 ओवर में 05 रन और शेफाली ने 3 ओवर में 10 रन खर्चे।श्री चरणी प्लेयर ऑफ द मैच दिया गया।
लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत की शुरुआत भी अच्छी नहीं रही और टीम ने जल्द ही तीन विकेट गंवा दिए। पाकिस्तान की कप्तान फातिमा सना ने शानदार गेंदबाजी करते हुए तीन विकेट झटके।ओपनिंग पर उतरी शेफाली वर्मा ने पहली गेंद पर छक्का लगाकर चेज की शुरुआत की।हालांकि वह ज्यादा बड़ी पारी नहीं खेल सकीं। उन्होंने 6 गेंदों में 1 चौका और 1 छक्का लगाकर 12 रन स्कोर किए।13 रन पर पहला विकेट गिरा। टीम को दूसरा झटका 18 रन पर प्रतिका रावल के रूप में लगा, जिन्होंने 3 गेंदों में 1 चौका लगाकर 04 रन बनाए। इसके कुछ ही देर बाद स्मृति मंधाना 11 गेंदों में 2 चौकों की मदद से 09 रन बनाकर पवेलियन लौट गईं। इस तरह भारत का तीसरा विकेट गिरा। इसके बाद हरमनप्रीत और दीप्ति शर्मा ने चौथे विकेट के लिए 28 (28 गेंद) रनों की साझेदारी कर टीम को जीत दिला दी। इस दौरान दीप्ति ने 12 रनों की पारी खेली।
