चक्रवाती तूफान अर्नब भारत से टकराया,ओडिशा-आंध्र प्रदेश में भारी बारिश,5 हजार लोगों को शिफ्ट किया गया…
बंगाल की खाड़ी से बना अर्नब चक्रवात उत्तर आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओडिशा के तट से देर रात 11 से 1 बजे के बीच टकरा गया। इसके असर से दोनों राज्यों के तटीय जिलों में भारी बारिश हो रही है।दक्षिण ओडिशा के 10 जिलों में स्कूल बंद कर दिए गए हैं। करीब 5 हजार लोगों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया गया है। मलकानगिरी में चार पुल डूब जाने से ट्रैफिक बंद हो गया है।ओडिशा के मलकानगिरी में चक्रवात ‘अर्नब’ ने तबाही मचाई हुई है। लगातार बारिश से ओडिशा का मलकानगिरी जिला पानी में डूब चुका है। बारिश के साथ तेज हवाओं के कारण कई जगहों पर पेड़ उखड़ गए हैं। कुछ जगहों पर पुलों को भी नुकसान पहुंचा है, जिससे क्षेत्रों का आपसी संपर्क टूट गया।जानकारी के अनुसार, मलकानगिरी में लगातार भारी बारिश के कारण नदी-नाले उफान पर हैं। कांकुरुकोंडा, कन्याश्रम, एमवी-90 और एमवी-96 पुलों के ऊपर तीन से चार फीट तक बाढ़ का पानी बह रहा है। नतीजतन, मलकानगिरी और कालीमेला, मोटू और पोडिया के बीच संपर्क टूट गया है।मलकानगिरी के एडीएम बेदाबर प्रधान ने बताया कि अगले कुछ घंटे और भारी हो सकते हैं। इसके लिए जिला प्रशासन ने पूरी तैयारी की है। चक्रवात के कारण पहले से ही जिले में रेड अलर्ट है। इसमें आपसी संपर्क भी टूट चुका है।
लगातार वर्षा के कारण कंधमाल जिले की कलिंगा घाटी के अंधारीकोट क्षेत्र में भूस्खलन हुआ है, जिससे नव निर्मित चौड़ी सड़क पूरी तरह ध्वस्त हो गई है। इसके अलावा वन दुर्गा मंदिर के सामने बनाया गया नया गार्ड वॉल भी ढह गया है। इसके चलते कलिंगा घाटी में आवागमन अनिश्चितकाल के लिए पूरी तरह बंद हो गया है।कोरापुट जिले में कोलाब की एक शाखा नदी के तेज बहाव में बह जाने से एक शिक्षक लापता हो गए हैं।
सुरक्षा कारणों से नेशनल हाईवे भी बंद कर दिया गया है।जिले से गुजरने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग-326 पर पानी भरा है, जिसकी वजह से जिला प्रशासन ने हाईवे को कुछ समय के लिए बंद कर दिया है। हालांकि, इसके कारण कई जगहों पर सैकड़ों गाड़ियां फंसी हुई हैं। इसके अलावा, भारी बारिश के कारण कई जगहों पर पेड़ गिरने से भी सड़कें बंद हो गई हैं। लोगों की सुरक्षा के लिए सभी पुलों के पास पुलिस तैनात की गई है।
तूफानी हवाओं से भद्रक में मछुआरों की 10 नावें डूब गईं और दर्जनों क्षतिग्रस्त हो गईं।आंध्रप्रदेश के श्रीकाकुलम जिले के कलिंगपट्टनम के कई इलाकों में भारी बारिश के साथ 75 किमी प्रति घंटे तक की हवाएं चलीं। विजयवाड़ा में निचले इलाकों में पानी भर गया है। शहर के कई स्कूलों में लगातार दूसरे दिन छुट्टी कर दी गई है। मछुआरों से शुक्रवार सुबह तक समुद्र में न जाने की अपील की।पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों में भी भारी बारिश का हो रही है। दार्जिलिंग और कलिम्पोंग में भी आंधी और भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
