‘2027 वर्ल्ड कप होगा मेरा आखिरी वर्ल्ड कप’ :-विराट कोहली…
भारतीय टीम के पोस्टर ब्वॉय विराट कोहली ने अपने भविष्य के बारे में स्पष्ट राय दी। विराट कोहली ने कहा कि 2027 का वर्ल्ड कप भारत के लिए उनका आखिरी वर्ल्ड कप होगा। उन्होंने कहा कि वे ट्रॉफी जीतने के लिए अपना सबकुछ दांव पर लगाने को तैयार हैं।कोहली ने कहा,“नीली जर्सी में 2027 वनडे वर्ल्ड कप उनका आखिरी टूर्नामेंट होगा, जहां उनका एकमात्र लक्ष्य खिताब जीतना है।कोहली ने साथ ही कहा कि वो अधिक स्वतंत्रता के साथ बल्लेबाजी करेंगे और अपेक्षाओं की चिंता किए बगैर खेलेंगे।मैं मैदान पर अपना 100% देना चाहता हूं। लक्ष्य बिल्कुल साफ है- वर्ल्ड कप जीतना।यही मेरी प्रेरणा है। मैं अपना सब कुछ मैदान पर छोड़ देना चाहता हूं। जाहिर तौर पर लक्ष्य विश्व कप जीतना है और इसे जीतने के लिए जो कुछ भी करना पड़ेगा, मैं उसके लिए बिल्कुल तैयार हूं।”
कोहली ने 50 ओवर के वर्ल्ड कप की शारीरिक और मानसिक चुनौती भी बताई। उनके मुताबिक एक वनडे में खिलाड़ी को करीब ढाई टी-20 मैच जितनी क्रिकेट खेलनी पड़ती है।उन्होंने कहा कि 2027 वर्ल्ड कप विदेशी परिस्थितियों में होगा। अलग-अलग मैदानों और विरोधी टीमों के खिलाफ लगातार मैच खेलने से चुनौती और बढ़ेगी। ऐसे में उनकी नजर पूरे टूर्नामेंट में अपने स्तर को बनाए रखने और टीम को खिताब तक पहुंचाने पर होगी।कोहली ने अपनी सोच में बदलाव के बारे में बताया। उन्होंने कहा, ‘क्या बदला है? सबसे पहले यह कि मैंने खुद से वादा किया कि अधिक स्वतंत्रता के साथ खेलूंगा। लोग मुझसे क्या अपेक्षा रखते हैं, इसकी चिंता किए बिना खेलूंगा। मैं चीजों को संतुलित करके खेलूंगा।’भारत की रिकॉर्ड मशीन ने कहा, ‘मुझे भरोसा है कि मेरे साथ अन्य खिलाड़ी जो हैं, वो बहुत अच्छे हैं और स्थिति संभालना जानते हैं। मुझे खुद को अभिव्यक्त करने की जरूरत है और निरंतर ऐसा करना होगा। करियर के इस पड़ाव में यह बहुत उत्साहित करने वाली बात है।’
विराट कोहली अब तक 4 वनडे वर्ल्ड कप (2011, 2015, 2019 और 2023) खेल चुके हैं। उनके नाम वनडे क्रिकेट में सबसे ज्यादा 54 शतक भी हैं।2027 का वनडे वर्ल्ड कप साउथ अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया की मेजबानी में खेला जाएगा।कोहली का यह पांचवां वनडे वर्ल्ड कप होगा। 2011 में भारतीय टीम ने धोनी की कप्तानी 28 साल बाद खिताब जीता था और कोहली उस टीम का हिस्सा थे। 2023 में भारत फाइनल तक पहुंचा, लेकिन अहमदाबाद में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हार गया।वर्ल्ड कप में कोहली का रिकॉर्ड भी उनके लंबे सफर को दिखाता है। उन्होंने 37 मैचों में 1,795 रन बनाए हैं। औसत 59.83 का है। उनके नाम 5 शतक और 12 अर्धशतक हैं।
भारत के दो दिग्गज खिलाड़ी विराट कोहली और रोहित शर्मा अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सिर्फ एक ही प्रारूप खेल रहे हैं। रोहित भी टेस्ट और टी-20 इंटरनेशनल से संन्यास ले चुके हैं और अब सिर्फ वनडे खेल रहे हैं।दोनों की नजरें 2027 विश्व कप पर हैं और रविवार से वेस्टइंडीज के खिलाफ शुरू होने वाले नए घरेलू सत्र के साथ विश्व कप की तैयारियों का सिलसिला भी शुरू हो जाएगा।
रोहित ने कहा कि अभी बहुत कुछ बाकी है। जब तक वे खेल रहे हैं, उन्हें आगे देखने के लिए कुछ न कुछ मिलता रहेगा। उन्होंने कहा कि उनके मन में कभी यह विचार नहीं आएगा कि उनका काम पूरा हो गया है।उन्होंने कहा, ‘जब विश्व कप खेला जाता है या हम कोई आईसीसी टूर्नामेंट खेलते हैं, तो उसकी अपनी एक अलग चुनौती होती है। आप अलग-अलग टीमों का सामना करते हैं और अलग-अलग मैदानों पर खेलते हैं। इसलिए आपको अलग तरीके से तैयारी करनी होती है और अलग तरह से सोचना होता है। यही चुनौती है।’
वेस्टइंडीज सीरीज से शुरू होगी 2027 की तैयारी
भारत का 2027 वर्ल्ड कप मिशन वेस्टइंडीज के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज से आगे बढ़ेगा। पहला मुकाबला 27 सितंबर को तिरुवनंतपुरम, दूसरा 30 सितंबर को गुवाहाटी और तीसरा 3 अक्टूबर को न्यू चंडीगढ़ में खेला जाएगा।इसके बाद भारत को इस साल न्यूजीलैंड के खिलाफ 5 वनडे और श्रीलंका के खिलाफ 3 वनडे खेलने हैं।
