एशियाड 2026:-भारत को 10वां गोल्ड,तीरंदाजी में भारत की गोल्डन हैट्रिक, नीरू-किनान को भी स्वर्ण…
भारत ने एशियन गेम्स के 11वें दिन 4 गोल्ड जीते। इनमें 3 गोल्ड तीरंदाजी और 1 शूटिंग में आया। इसके साथ भारत के 10 गोल्ड समेत 60 मेडल हो गए हैं। वह ईरान को पीछे छोड़कर मेडल टैली में 7वें नंबर पर पहुंच गया है।बुधवार को पहला गोल्ड विमेंस कंपाउंड आर्चरी टीम ने जीता। इसके बाद चिकिता तनिपार्थी और साहिल जाधव की जोड़ी ने मिक्स्ड कंपाउंड आर्चरी में गोल्ड जीता। नीरू ढांडा और किनान चेनाई की जोड़ी को शूटिंग में गोल्ड मिला। दिन का चौथा गोल्ड कंपाउंड आर्चरी के पुरुष टीम इवेंट में साहिल, गणेश और कुशल ने जीता। विमेंस टीम ने चीन को 238-234 से हराकर अपने खिताब का बचाव किया।
जीत के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गोल्ड जीतने वाली सभी खिलाड़ियों को बधाई दी और उनके प्रदर्शन की तारीफ की।प्रधानमंत्री ने X पर पोस्ट कर किरण पहल, पूवम्मा एमआर, प्राची और विथ्या रामराज को महिला 4×400 मीटर रिले में गोल्ड मेडल जीतने पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों की रफ्तार और पक्के इरादे ने भारत को पोडियम पर सबसे ऊपर पहुंचाया। पीएम मोदी ने इस प्रदर्शन को भारतीय एथलेटिक्स के लिए गर्व का पल बताया।प्रधानमंत्री ने कहा कि भारतीय खिलाड़ियों का प्रदर्शन टीमवर्क की शानदार मिसाल है। रिले में चारों खिलाड़ियों ने मिलकर शानदार तालमेल दिखाया और भारत को इस इवेंट में गोल्ड दिलाया।पीएम मोदी ने खिलाड़ियों की मेहनत और प्रदर्शन की सराहना करते हुए उन्हें आगे के प्रयासों के लिए शुभकामनाएं भी दीं।
महिला 4×400 मीटर रिले में किरण पहल, पूवम्मा एमआर, प्राची और विथ्या रामराज ने शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल अपने नाम किया।नीरू ढांडा ने महिला ट्रैप के व्यक्तिगत इवेंट में गोल्ड जीता। बॉक्सिंग में प्रियंका घंघास को विमेंस 60 किग्रा सेमीफाइनल में चीन की यांग चेंग्यू से 4-1 से हार मिली। उन्हें ब्रॉन्ज मिला।कपिल पोखरियाने पुरुषों के 90 किग्रा सेमीफाइनल में उज्बेकिस्तान के तुराबेक खाबिबुल्लाएव के खिलाफ 4-1 से हार के बाद ब्रॉन्ज जीता।वहीं लवलीना बोरगोहेन ने विमेंस 75 किग्रा सेमीफाइनल में कजाकिस्तान की नताल्या बोगदानोवा को 3-2 से हराकर फाइनल में जगह बनाई।सुनील कुमार ने पुरुषों के ग्रीको-रोमन 87 किग्रा में ब्रॉन्ज जीता। सेमीफाइनल में जापान के ताइजो योशिदा से 11-0 की हार के बाद उन्होंने ब्रॉन्ज मेडल बाउट में फिलीपींस के कैलम रॉबर्ट्स को 9-0 से हराया।
भारतीय महिला स्क्वॉश टीम ने सिंगापुर को 2-0 से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई और मेडल पक्का किया।पुरुष टीम ने कुवैत को 2-0 से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई। वीर छत्रानी ने बादेर अलमोगरेबी को 3-1 और अभय सिंह ने अम्मार अल-तमिमी को 3-0 से हराया। अब डिफेंडिंग चैंपियन भारत का सामना मलेशिया से होगा।भारत की महिला हॉकी टीम ने साउथ कोरिया को 2-0 से हराकर एशियन गेम्स के फाइनल में जगह बना ली है।गुलवीर सिंह ने पुरुष 5000 मीटर में 13:32.75 का समय लेकर कांस्य पदक जीता। यह मौजूदा एशियन गेम्स में उनका तीसरा व्यक्तिगत पदक है। इससे पहले गुलवीर ने 10,000 मीटर और 1500 मीटर में रजत पदक जीते थे। इस प्रदर्शन के साथ गुलवीर एक ही एशियाड में तीन व्यक्तिगत पदक जीतने वाले पहले भारतीय पुरुष एथलीट बने।

