अफ्रीकी देश जिबूती के पास बड़ा हादसा,नाव पलटने से 109 की मौत,116 लापता, 305 लोग सवार थे…
अफ्रीकी देश जिबूती में एक बड़ा नाव हादसा हो गया है, यहां नाव पलटने से 15 बच्चों समेत 109 प्रवासियों की मौत हो गई है, जबकि 116 लोग लापता हैं। नाव में करीब 305 लोग सवार थे। हादसे में 80 से ज्यादा लोगों को बचा लिया गया है।संयुक्त राष्ट्र की अंतरराष्ट्रीय प्रवासन संस्था (IOM) के मुताबिक, सभी जीवित बचे लोग इथियोपिया के नागरिक हैं। हादसा 8 और 9 अक्टूबर की दरमियानी रात जिबूती के ओबॉक शहर के उत्तर में हुआ।IOM के मुताबिक, हादसे के बाद अब तक 109 शव बरामद किए गए हैं। इनमें 52 पुरुष, 42 महिलाएं और 15 बच्चे शामिल हैं। बच्चों में 9 लड़कियां और 6 लड़के हैं।रेस्क्यू ऑपरेशन अभी भी जारी है।
बचे हुए लोगों के बयानों के मुताबिक,नाव जिबूती से यमन जा रही थी। इसी दौरान वह समुद्र में पलट गई। लापता लोगों की तलाश और प्रभावित परिवारों की मदद के लिए IOM की टीमें जिबूती के अधिकारियों के साथ काम कर रही हैं।जिबूती में IOM के मिशन प्रमुख एलेक्जेंडर कोइसाक ने कहा कि यह जानमाल का बेहद दुखद नुकसान है। उन्होंने कहा कि उनकी संवेदनाएं उन परिवारों के साथ हैं, जिन्होंने अपने लोगों को खोया है या अब भी उनकी खबर का इंतजार कर रहे हैं।
यह ताजा हादसा दुनिया के सबसे व्यस्त माइग्रेशन रूट में से एक पर हुआ है। इस रास्ते का इस्तेमाल हजारों लोग काम और बेहतर मौकों की तलाश में खाड़ी क्षेत्र तक पहुंचने के लिए करते हैं।आईओएम ने अपने बयान में कहा कि ‘हॉर्न ऑफ अफ्रीका’ से हजारों प्रवासी सुरक्षा और आर्थिक मौकों की तलाश में जिबूती होते हुए और बाब-अल-मंदेब जलडमरूमध्य (स्ट्रेट) को पार करके खाड़ी देशों की ओर जाते हैं। यमन में हिंसा के बावजूद यह आवाजाही जारी है।इस रास्ते पर समुद्र में नाव डूबने और जान जाने का खतरा बना रहता है।IOM ने कहा कि मध्य पूर्व में अस्थिरता के बावजूद लोग बेहतर आर्थिक अवसरों की तलाश में यह जोखिम भरी यात्रा कर रहे हैं।मार्च 2026 में भी जिबूती के तट के पास प्रवासियों से भरी एक नाव डूब गई। इस हादसे में कम से कम 9 लोगों की मौत हुई, जबकि 45 लोग लापता हो गए। नाव में 300 से ज्यादा लोग सवार थे।
