असम के काजीरंगा में बस-ट्रक में भीषण टक्कर,24 की मौत, कई घायल….
असम के काजीरंगा में शुक्रवार को एक तेज रफ्तार मिनी बस और कंटेनर ट्रक में आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में 24 लोगों की मौत हो गई।टक्कर के बाद मिनी बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। कई यात्री बस के अंदर फंस गए। रेस्क्यू टीम ने बस काटकर शवों को बाहर निकाला। बस में कुल कितने लोग सवार थे, इसकी जानकारी अभी नहीं आई है।पुलिस के मुताबिक, हादसे में 20 लोग घायल हैं।पुलिस अधिकारियों के अनुसार, तेज रफ्तार ट्रैवलर के अनियंत्रित होने से यह हादसा हुआ। गोलाघाट के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक स्वप्ननील डेका ने बताया, हम सभी मौके पर मौजूद हैं और बस से शव निकाले जा रहे हैं, इसलिए मृतकों की संख्या बढ़ सकती है।‘घायलों को इलाज के लिए कोहोरा मॉडल अस्पताल ले जाया गया है।गंभीर रूप से घायल ज्यादातर लोगों को बोकोखात और गोलाघाट के अस्पतालों में भेजा गया। कुछ घायलों को जोरहाट मेडिकल कॉलेज और अस्पताल भी रेफर किया गया। अधिकारी ने बताया कि मरने वालों में दो महिलाएं हैं। उन्होंने कहा कि इनमें से कई कॉलेज के छात्र थे। हादसे के समय वे अपनी कक्षाएं खत्म करके लौट रहे थे। इनमें से कई लोगों के गंभीर रूप से घायल होने की खबर है।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि हादसा कोहोरा रेंज में राष्ट्रीय राजमार्ग-715 पर हुआ। यह घटना हाथीकुली टी एस्टेट के पास रंगाजन इलाके में हुई। यहां यात्रियों से भरी मिनी बस की कंटेनर ट्रक से टक्कर हो गई। गोलाघाट के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक स्वप्ननिल डेका ने पीटीआई को बताया, हमें शुरुआती जानकारी मिली है कि हादसे में कम से कम 24 लोगों की मौत हुई है। हम सभी मौके पर मौजूद हैं। बस से शवों को बाहर निकाला जा रहा है। इसलिए मरने वालों की संख्या बढ़ने की आशंका है। उन्होंने कहा कि बस में कुल कितने लोग सवार थे, इसकी सही जानकारी अभी नहीं मिली है। हालांकि, शुरुआती रिपोर्ट के मुताबिक बस में 35 से ज्यादा यात्री सवार थे।गोलाघाट के एसएसपी स्वप्निल डेका ने पीटीआई को बताया कि मिनी बस बोकाखाट से नगांव जा रही थी। बस तेज रफ्तार में थी। शुरुआती जांच के मुताबिक, ड्राइवर ने नियंत्रण खो दिया, जिसके बाद बस सामने से आ रहे कंटेनर ट्रक से टकरा गई।
असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्व सरमा ने भावुक प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा, आज काजीरंगा में हुई दुखद दुर्घटना से मुझे गहरा आघात लगा है। इस नुकसान ने हम सभी को झकझोर कर रख दिया है। जिन परिवारों ने अपनों को खोया है।उनके प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। कोई भी शब्द उनके दुख को पाट नहीं सकता। लेकिन मैं उन्हें बताना चाहता हूं कि वे अकेले नहीं है। दुख की इस घड़ी में पूरा असम उनके साथ खड़ा है। ‘हमें प्राथमिक तौर पर यह सुनिश्चित करना है कि घायलों को बिना किसी देरी के बेहतरीन मेडिकल फैसिलिटी मिले। माननीय मंत्री अतुल बोरा घटनास्थल पर मौजूद हैं।रेस्क्यू कार्यों की व्यक्तिगत रूप से निगरानी कर रहे हैं। मैं घायलों को जल्द स्वस्थ होने और शोक संतप्त परिवारों को हिम्मत मिलने की प्रार्थना करता हूं।’
