ऐतिहासिक सफ़र:नासा का उपग्रह वॉयजर-1 पृथ्वी से एक प्रकाश-दिवस दूर पहुंचने वाला पहला यान बना…
नासा के वॉयजर 1 यान ने अंतरिक्ष में एक नया कीर्तिमान बनाया है। यह पृथ्वी से एक प्रकाश-दिवस की दूरी तक पहुंचने वाला पहला मानव निर्मित यान बन चुका है। यह यान लगातार अंतरतारकीय अंतरिक्ष में गहराई तक जा रहा है। करीब 49 साल पहले छोड़ा गया यह अंतरिक्ष यान पृथ्वी से करीब 26 अरब किलोमीटर दूर पहुंच गया है। इसने एक लाइट-डे यानी प्रकाश की एक दिन में तय होने वाली दूरी पूरी कर ली है। इंसान की बनाई कोई दूसरी चीज अब तक इतनी दूर नहीं पहुंची है।अब इसके रेडियो संकेत पृथ्वी तक पहुंचने में ठीक 24 घंटे लेंगे।पृथ्वी से भेजे गए रेडियो सिग्नल को भी इतना ही समय लगेगा। यानी इससे बातचीत करने में करीब दो दिन लग सकते हैं।वॉयजर-1 ने 1998 में नासा के ही दूसरे अंतरिक्ष यान पायनियर-10 को पीछे छोड़कर सबसे दूर पहुंचने वाली इंसान की बनाई वस्तु का रिकॉर्ड अपने नाम किया था। तब से यह लगातार अंतरिक्ष में आगे बढ़ रहा है।
क्या है एक प्रकाश-दिवस?
एक लाइट-डे का मतलब है वह दूरी, जिसे प्रकाश 24 घंटे में तय करता है। प्रकाश की रफ्तार करीब 3 लाख किलोमीटर प्रति सेकंड है। इस हिसाब से एक लाइट-डे करीब 16 अरब मील (25.9 अरब किलोमीटर) के बराबर होता है।वॉयजर 1 की इस दूरी का मतलब है कि धरती से भेजा गया रेडियो संदेश यान तक पहुंचने में करीब 24 घंटे लेगा। वहीं, उसका जवाब वापस आने में भी 24 घंटे लगेंगे। यानी संदेश भेजने और जवाब पाने में करीब दो दिन लगेंगे। यह यान आज भी अपने पुराने सिस्टम और परमाणु ऊर्जा से चलने वाले पावर जनरेटर की मदद से काम कर रहा है और अंतरिक्ष से वैज्ञानिक आंकड़े भेज रहा है। वहीं, नासा को उम्मीद है कि वॉयजर 1 को एक पूर्ण प्रकाश-वर्ष तक पहुंचने में 18,000 साल लगेंगे। किसी अन्य तारे के करीब पहुंचने में इससे दोगुना समय लगेगा। परियोजना प्रबंधक सुजैन डोड वॉयजर 1 को पृथ्वी का दूत मानती हैं। डोड ने इसे ‘एक राष्ट्रीय खजाना’ और ‘वास्तव में असाधारण’ बताया।वॉयजर 1 ने 1979 और 1980 में बृहस्पति और शनि के पास से उड़ान भरी। इसके बाद यह सौर मंडल से बाहर निकल गया और वर्ष 2012 में अंतरतारकीय अंतरिक्ष में पहुंचा।
वॉयजर-1 को सितंबर 1977 में अंतरिक्ष में भेजा गया था। तब से इसने कई बड़ी उपलब्धियां हासिल की हैं।वॉयजर-1 का जुड़वां अंतरिक्ष यान वॉयजर-2 भी है, जिसे 16 दिन पहले लॉन्च किया गया था। हालांकि, पहले लॉन्च होने के बावजूद वॉयजर-2 पीछे रह गया।इसकी वजह दोनों के लिए चुने गए अलग-अलग रास्ते थे। वॉयजर-1 को छोटा और तेज रास्ता दिया गया था, ताकि वह बृहस्पति और शनि तक जल्दी पहुंच सके।वहीं, वॉयजर-2 का रास्ता इस तरह तय किया गया था कि वह बृहस्पति और शनि के बाद यूरेनस और नेपच्यून तक भी जा सके।शुरुआत में दोनों यानों को सिर्फ पांच साल तक काम करने के लिए बनाया गया था। इनका मुख्य काम बृहस्पति और शनि ग्रहों की खोज करना था। लेकिन दोनों यान उम्मीद से करीब 10 गुना ज्यादा समय तक काम कर चुके हैं।वॉयजर-1 के मुकाबले उसका जुड़वां यान वॉयजर-2 अभी पृथ्वी से करीब 4.22 अरब किलोमीटर कम दूरी तय कर पाया है। दोनों अलग-अलग दिशाओं में अंतरिक्ष की यात्रा कर रहे हैं।
वॉयजर 1 ने गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में कई उपलब्धियां दर्ज की हैं। यह किसी भी मानव निर्मित वस्तु से अधिक दूर तक यात्रा करने वाला यान है। वर्ष 1990 में वॉयजर 1 ने पृथ्वी की सबसे दूर की तस्वीर ली थी। यह नेपच्यून से परे से ली गई प्रतिष्ठित ‘पेल ब्लू डॉट’ तस्वीर थी। कॉर्नेल यूनिवर्सिटी के खगोलशास्त्री कार्ल सागन ने इस तस्वीर को दुनिया के सामने पेश किया था। प्रत्येक वॉयजर यान में 30 सेंटीमीटर का एक सोने की परत चढ़ा फोनोग्राफिक रिकॉर्ड है। इसमें 55 भाषाओं में अभिवादन, चित्र और आरेख शामिल हैं।
