चीन के एक गांव की महिलाएं क्यों रखती हैं लंबे बाल ?
लालकिला पोस्ट डेस्क
यूं तो चीन की महिलाएं अपनी खूबसूरत स्किन और सिल्की बालों के लिए जानी जाती हैं। लेकिन चीन के एक प्राचीन गांव ‘Huangluo’ की महिलाओं के बाल 1.5 मीटर से लेकर 2 मीटर से भी ज्यादा लंबे होते हैं। सबसे मजेदार बात तो ये है कि यहां की महिलाओं के बाल 80 साल की उम्र से पहले सफेद ही नहीं होते हैं। चीन के इस गांव को ‘लॉन्ग हेयर विलेज’ के नाम से भी जाना जाता है।
मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो चीन के इस गांव की महिलाएं पूरे जीवन में सिर्फ अपने 18वें जन्मदिन पर ही अपने बालों को कटवा सकती हैं। इसका मतलब ये होता है कि लड़की शादी के लिए तैयार हो चुकी है। इस गांव की महिलाएं जब अपने लिए जीवनसाथी की तलाश करती हैं, तो वो अपने बालों को स्कार्फ से ढक कर रखती हैं।
कहा जाता है कि लड़की के कटे हुए बालों को लड़की की दादी सजावटी डिब्बे में उसकी शादी होने तक संभाल कर रखती हैं। शादी के बाद लड़की के इन बालों को उसके पति को तोहफे में देने का रिवाज है। कहा जाता है कि पहले के समय में इस गांव की महिलाओं को पब्लिक में अपने खुले बालों को दिखाने की इजाजत नहीं थी। महिलाएं अपने बालों को सिर्फ अपने पति और बच्चों को ही दिखा सकती थी। अगर गलती से कोई फैमिली के बाहर का पुरुष महिला के बालों को देख लेता था, तो उसको तीन साल तक महिला का दामाद बनकर उसके साथ रहना पड़ता था। लेकिन धीरे-धीरे ये प्रथा खत्म हो गई।
इस गांव में हर साल 3 मार्च को ‘लॉंग हेयर फेस्टिवल’ मनाया जाता है। जिसमें अपने लंबे खूबसूरत बालों का प्रदर्शन करती हैं। बालों से यहां की महिलाओं के बारे में कई अहम जानकारी भी मिलती है। कहा जाता है कि जिन महिलाओं के बच्चे होते हैं, वो माथे के ऊपर जूड़ा बांधती हैं। लेकिन जिन महिलाओं के बच्चे नहीं होते हैं, वो अपने बालों को अपने सिर के चारों तरफ लपेटकर रखती हैं।