आंधी, बारिश और ओले गिरने के बाद यूपी में तबाही,24 घंटे में 100 से ज्यादा मौतें, 2000 से ज्यादा गांवों की बिजली गुल…
उत्तर प्रदेश में बुधवार (13 मई) को आये भयंकर आंधी-तूफान ने कहर भरपाया है। बीते लगभग 24 घंटे में यूपी के कई जिलों में जनहानि, पशुहानि समेत कई मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं। इस तूफान की तबाही ने 100 से अधिक लोगों की जान ले ली और न जाने कितने घायल हो गए। बाराबंकी, सीतापुर और देवरिया समेत कई जिलों के 2000 से ज्यादा गांवों की बिजली गुल हो गई।
बुधवार शाम बरेली में 90 की रफ्तार में चली आंधी में टिन शेड के साथ 50 साल का युवक करीब 50 फीट हवा में उड़ गया। वह 100 मीटर दूर खेत में गिरा। उसका हाथ टूट गया।प्रयागराज में सबसे ज्यादा 21, भदोही में 17 मौतें हुईं। मिर्जापुर में आंधी और बिजली गिरने से 15 लोगों की जान चली गई। फतेहपुर में 10, बदायूं में 6, प्रतापगढ़ और बरेली में 4-4 मौतें हुईं।बुधवार को वाराणसी, अयोध्या समेत 30 जिलों में बारिश हुई। मथुरा, उन्नाव और प्रयागराज में आंधी-बारिश के साथ ओले गिरे। कई जगह पेड़ टूटकर गिर गए। बिजली के खंभे उखड़ गए। दीवार गिरने से गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं।कौशाम्बी जनपद में पेड़ गिरने से एक वृद्धा की मौत हो गयी, वहीं कोखराज थाना क्षेत्र के तरसौरा गांव में आंधी के साथ चिंगारी से भीषण आग लग गई, जिसमें लगभग 12 मकान जलकर राख हो गए।रीब एक घंटे की मशक्कत के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने आग पर काबू पाया।
यहां बता दें कि पूरे प्रदेश में अलग-अलग जगह बड़ी मात्रा फसलों और घरों को भी नुकसान हुआ है। कच्चे और टीन शेड से बने घर और दुकाने पूरी तरह तबाह हो चुकी हैं। प्रदेश इतने बड़े पैमाने पर हुए नुकसान को लेकर खुद सीएम योगी ने सभी जिलों में तेजी से मदद पहुंचाने और नुकसान की भरपाई के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी जारी की है कि इसमें कोई भी लापरवाही नहीं चलेगी।
