एमपी- कांग्रेस राज्यसभा उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन का नामांकन रद्द,कांग्रेस बोली-फैसले के खिलाफ कोर्ट जाएंगे…
राज्यसभा चुनाव से पहले कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। मध्य प्रदेश से कांग्रेस की राज्यसभा उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन का नामांकन रद्द कर दिया गया है। रिटर्निंग ऑफिसर ने उनका पर्चा रद्द कर दिया।बीजेपी ने नामांकन फॉर्म पर आपत्ति जताई थी और आरोप लगाया था कि इसमें जानकारी छिपाई गई है। आरोप लगाया गया कि उन्होंने क्रिमिनल केस की जानकारी नहीं दी। इसके बाद राज्यसभा की तीसरी सीट का चुनावी समीकरण बदल गया है और भाजपा के तीनों उम्मीदवारों के निर्विरोध निर्वाचित होने की संभावना मजबूत हो गई है।
भाजपा का आरोप है कि मीनाक्षी नटराजन ने अपने शपथ पत्र में हैदराबाद की एक अदालत में लंबित प्रकरण की जानकारी नहीं दी है। इसी आधार पर भाजपा ने उनका नामांकन निरस्त करने की मांग की है।पर्यवेक्षक ने कारण बताओ नोटिस जारी कर आज शाम तक जवाब मांगा था।भाजपा द्वारा दर्ज कराई गई आपत्तियों पर दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद यह फैसला सुनाया गया। वहीं कांग्रेस का कहना है कि मीनाक्षी नटराजन के खिलाफ कोई आपराधिक मामला दर्ज नहीं है। पार्टी के अनुसार उन्हें केवल अदालत की ओर से नोटिस प्राप्त हुआ था, इसलिए शपथ पत्र में इसका उल्लेख करने का कोई दायित्व नहीं था।नामांकन रद्द होने के फैसले के खिलाफ हम अदालत जाएंगे।नामांकन की जांच के दौरान विधानसभा परिसर में दोनों दलों के नेताओं के बीच तीखी नोकझोंक और हंगामे की स्थिति भी बनी। नारेबाजी और शोर-शराबे के बीच कांग्रेस विधायक हेमंत कटारे और विक्रांत भूरिया ने रिटर्निंग ऑफिसर के कमरे में घुसने की कोशिश की, जिसे पुलिस और विधानसभा के सुरक्षाकर्मियों ने रोक दिया।
बता दें कि 18 जून को मध्य प्रदेश की तीन राज्यसभा सीटों पर होने वाले चुनाव के लिए मैदान में कुल 4 उम्मीदवार थे। मीनाक्षी नटराजन का नामांकन रद्द होने के बाद मैदान में तीन उम्मीदवार बचे।बाकी बचे तीनों ही उम्मीदवार बीजेपी के हैं।
