कमर्शियल सिलिंडर की कीमत में 993 रुपये की बढ़ोतरी, दिल्ली में अब 3071.50 रुपये पहुंचा दाम,होटल-रेस्तरां में खाना हुआ महंगा….
ईरान और यूएस के बीच चल रहे युद्ध की वजह से, आज यानी 1 मई 2026 को कमर्शियल एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमतों में 993 रुपये की बढ़ोतरी हुई है। जिसके बाद अब होटल इंडस्ट्री पर भी इसका असर देखने को मिल रहा है। दिल्ली में आज से 19 किलो के सिलिंडर की कीमत 3071.50 रुपये होगी। घरेलू सिलिंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं हुआ है।
गुरुवार को देर शाम पेट्रोलियम मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों ने सभी सरकारी तेल कंपनियों (आईओसीएल, बीपीसीएल, एचपीसीएल) और राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के सचिवों के साथ विस्तृत विचार विमर्श किया। बैठक में ब्लैक मार्केटिंग (कालाबाजारी) और होर्डिंग (जमाखोरी) को रोकने के लिए तत्काल कदमों पर चर्चा हुई।
कमर्शियल एलपीजी सिलिंडरों के दाम बढ़ाए जाने के अलावा पांच किलोग्राम के एफटीएल (मुक्त व्यापार एलपीजी) सिलिंडर की कीमत में भी वृद्धि का फैसला लिया गया है। इसके तहत कीमतें तत्काल प्रभाव से 261 रुपये प्रति सिलिंडर बढ़ गई हैं। पांच किलोग्राम का फ्री ट्रेड एलपीजी (एफटीएल) सिलिंडर का उपयोग मुख्य रूप से छोटे प्रतिष्ठानों और सीमित व्यावसायिक उद्देश्यों के लिए किया जाता है। इसपर सब्सिडी नहीं दी जाती है। इसकी कीमत बाजार दरों के करीब होने की वजह से वैश्विक उतार-चढ़ाव के प्रति अधिक संवेदनशील होता है।
यह अब तक की सबसे बड़ी एकल बढ़ोतरी है। तीन महीनों में 19 किलो कमर्शियल सिलिंडर की कुल बढ़ोतरी 1,303 रुपये हो गई है। दूसरी तरफ ओएमसी की तरफ से स्पष्ट किया गया है कि, आम घरों में इस्तेमाल होने वाले 14.2 किलो सब्सिडी वाले सिलिंडर की कीमत में कोई बदलाव नहीं किया गया है। पेट्रोल व डीजल की खुदरा कीमतों में भी कोई वृद्धि नहीं की गई है।

