दिल्ली मालवीय नगर अग्निकांड:होटल मालिक 4 दिन पुलिस रिमांड पर,जलती इमारत के पास से गुजरा था,किसी को बचाया नहीं, डरकर भागा…
मालवीय नगर अग्निकांड मामले में आरोपी और होटल ‘फ्लोरिश स्टेज’ के मालिक लवकेश बजाज को गिरफ्तार कर बृहस्पतिवार को न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी भानु प्रताप सिंह की कोर्ट में पेश किया गया।जहां साकेत कोर्ट ने उन्हें चार दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया है। सुनवाई के दौरान पुलिस ने चार दिनों की कस्टडी की मांग की थी, जिसे कोर्ट ने स्वीकार करते हुए फैसला दिया। होटल का मैनेजर जय मिश्रा अभी पुलिस की पहुंच से दूर है जिसकी तलाश की जा रही है।
वहीं, बजाज ने पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा किया है। पुलिस के अनुसार, आग लगने के दौरान बजाज अपनी कार से जलती हुई इमारत के पास से गुजरा, लेकिन लोगों की मदद करने के बजाय वहां से निकल गया।उसने बताया कि वह डर के कारण मौके से भाग गया था। उसने यह भी स्वीकार किया कि उसने न तो किसी की मदद की और न ही घर गया। इसके बजाय वह शहर में इधर-उधर घूमता रहा।बुधवार को लगी इस भीषण आग ने पांच मंजिला इमारत को अपनी चपेट में ले लिया था, जिसमें 21 लोगों की मौत हो गई। घटना के कुछ घंटों बाद पुलिस ने बजाज को हिरासत में लिया था।गिरफ्तार होटल मालिक लवकेश बजाज ने बताया कि वह खुद होटल की निगरानी नहीं करता था। उसने होटल के मैनेजमेंट, बिलिंग और अकाउंट्स का काम किसी और व्यक्ति को दिया था। उसने यह भी कहा कि होटल में कमरे बड़े करने और अन्य बदलावों की सलाह भी किसी अन्य व्यक्ति ने दी थी।बजाज ने दावा किया कि सलाह देने वाले व्यक्ति ने उससे कहा था- होटल में ये सारे मॉडिफिकेशन नॉर्मल हैं और दिल्ली में सब चलता है।
मुख्यमंत्री घायलों का हालचाल जानने के लिए साकेत स्थित मैक्स अस्पताल पहुंचीं। उन्होंने डॉक्टरों से बात कर घायलों को बेहतर से बेहतर इलाज मुहैया कराने के निर्देश दिए।मुख्यमंत्री ने पीड़ित परिवारों को ढांढस बंधाया और आश्वासन दिया कि इस लापरवाही के लिए जो भी दोषी होगा, उसे बख्शा नहीं जाएगा।मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सभी आवश्यक सहायता प्रदान करने का निर्देश दिया। घायलों के चिकित्सा खर्च अस्पताल अधिकारियों के समन्वय से वहन किए जाएंगे। यह सुनिश्चित किया जाएगा कि हर मरीज को सर्वोत्तम संभव देखभाल मिले। सीएम ने कहा कि सरकार घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती है। शोक संतप्त परिवारों को इस कठिन समय में शक्ति मिले, इसकी भी प्रार्थना की गई। दिल्ली सरकार हर प्रभावित परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है।
