दिल्ली में H1N1 के 2,308 मामले, इन्फ्लूएंजा के केस 3,000 पार,वहीं नोएडा में एक दिन में 105 नए मामले…
राष्ट्रीय राजधानी में स्वाइन फ्लू (एच1एन1) संक्रमण के मामले बढ़कर 2,308 हो गए हैं। अन्य वैरिएंट के भी करीब 650 मामले सामने आने के साथ दिल्ली में इन्फ्लूएंजा संक्रमण का आंकड़ा 3,000 पार कर गया है। संक्रमण में तेजी को देखते हुए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने स्वाइन फ्लू (एच1एन1) की स्थिति पर आपात समीक्षा बैठक बुलाई है।इससे पहले मंगलवार को स्वास्थ्य मंत्री डा. पंकज सिंह ने स्वास्थ्य विभाग, नगर निगम, एनडीएमसी और दिल्ली कैंटोनमेंट बोर्ड के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एच1एन1 और वेक्टर जनित बीमारियों की स्थिति व तैयारियों की समीक्षा की।उन्होंने दावा किया कि स्थिति नियंत्रण में है और पैनिक होने की आवश्यकता नहीं।अस्पतालों में बेड, डॉक्टर, स्टाफ और दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता है। साथ ही चेतावनी दी कि मरीज को बेड नहीं देने की शिकायत मिलने पर संबंधित अस्पताल के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
वहीं दूसरी तरफ नोएडा में मंगलवार को स्वाइन फ्लू के मामलों में अचानक बड़ा उछाल देखने को मिला है। स्वास्थ्य विभाग को एक दिन में स्वाइन फ्लू के 105 नए मरीज मिले हैं। इससे जिले में कुल मरीजों की संख्या 120 हो गई है।सोमवार को जिले में स्वाइन फ्लू के केवल 15 मरीज दर्ज थे।24 घंटे के भीतर मामलों में हुई इस तीव्र बढ़ोतरी से स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ गई है। सीएमओ डॉ. मदन मोहन मणि त्रिपाठी ने बताया कि मंगलवार को सामने आए सभी 120 मामलों की जांच निजी अस्पतालों में कराई गई है। स्वास्थ्य विभाग निजी अस्पतालों से मरीजों की रिपोर्ट और अन्य आवश्यक जानकारी जुटा रहा है। साथ ही, सभी मरीजों की स्वास्थ्य स्थिति पर भी लगातार नजर रखी जा रही है। यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि उन्हें उचित उपचार मिले। विभाग ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तत्काल कदम उठाए हैं।
अधिकारियों के मुताबिक, लोगों को स्वाइन फ्लू के लक्षणों को लेकर अत्यधिक सतर्क रहने की जरूरत है। बुखार, खांसी और गले में खराश इसके शुरूआती लक्षण हो सकते हैं। शरीर में दर्द और सांस लेने में परेशानी भी इसके प्रमुख लक्षण हैं। ऐसे लक्षण महसूस होने पर तुरंत किसी चिकित्सक से सलाह लेने की अपील की जा रही है।ऑनलाइन मेडिसिन विभाग की डा. आद्या सिंह ने बताया कि वायरल संक्रमण से ग्रस्त बच्चे, बुजुर्ग और पहले से बीमार लोगों की ओपीडी में संख्या बढ़ रही है। दो-तीन दिन से ज्यादा बुखार, सांस लेने में तकलीफ या शरीर में दर्द की शिकायत की संख्या बढ़ी है। डाक्टर की सलाह के बिना एंटीबायोटिक दवाएं लेकर न खाने की सलाह दी जा रही है।स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से भीड़ वाले स्थानों पर मास्क लगाने, दो गज की शारीरिक दूरी रखने और श्वसन स्वच्छता का पालन करने की सलाह दी है।
दिल्ली में एच1एन1 के साथ डेंगू पर भी निगरानी बढ़ाई गई है। स्वास्थ्य मंत्री डा. पंकज सिंह के अनुसार डेंगू के करीब 2,200 मामले सामने आ चुके हैं। बताया कि डेंगू के मरीज भी उपचार के बाद स्वस्थ होकर घर जा रहे हैं।
