पीएम मोदी को मिला नॉर्वे का सर्वोच्च सम्मान, ‘ग्रैंड क्रॉस’….
नॉर्वे के राजा हेराल्ड पंचम में पीएम मोदी को अपने सर्वोच्च सम्मान ‘ग्रैंड क्रॉस ऑफ द रॉयल नॉर्वेजियन ऑर्डर ऑफ मेरिट’ से सम्मानित किया है। यह नॉर्वे के सबसे बड़ा सम्मान माना जाता है।इसे मिलाकर अब तक पीएम मोदी को 32 अंतरराष्ट्रीय सम्मान मिल चुके हैं। इससे पहले कल स्वीडन ने भी उन्हें अपने सर्वोच्च सम्मान से सम्मानित किया था।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, पिछले वर्ष भारत और यूरोपीय संघ के बीच एक ऐतिहासिक व्यापार और आर्थिक साझेदारी समझौता लागू किया गया था। यह समझौता भारत और नॉर्वे के बीच साझा प्रगति और समृद्धि सुनिश्चित करने का एक खाका है। इस समझौते के तहत अगले 15 वर्षों में 100 अरब डॉलर के निवेश और 10 लाख नौकरियों के सृजन का लक्ष्य रखा गया है।पीएम मोदी ने कहा, नॉर्वे की यात्रा की करके मुझे बहुत खुशी हो रही है। यह देश प्रकृति और इंसानों की प्रगति के बीच तालमेल का एक सुंदर उदाहरण है। सबसे पहले मैं प्रधानमंत्री जी का इस आत्मीयता भरे स्वागत के लिए हृदय से आभार व्यक्त करता हूं। कल नॉर्वे के संविधान दिवस के अवसर पर मैं विश्व के सबसे बड़े लोकतंत्र की ओर से नॉर्वे जैसे सुदृढ़ और जीवंत लोकतंत्र की जनता को शुभकामनाएं देता हूं। मैं पिछले वर्ष नॉर्वे आने वाला था। लेकिन पहलगाम में हुए आतंकी हमले के कारण वह यात्रा स्थगित करनी पड़ी। उस कठिन समय में नॉर्वे ने आतंकवाद के विरुद्ध भारत के साथ खड़े होकर सच्ची मित्रता का परिचय दिया। आज जब मैं नॉर्वे आया हूं, तो मैं इस एकजुटता के लिए हृदय से आभार व्यक्त करता हूं।मोदी ने नॉर्वे के भारत की इंडो-पैसिफिक ओशन्स इनिशिएटिव में शामिल होने का भी स्वागत किया। उन्होंने कहा कि दोनों देश समुद्री अर्थव्यवस्था, समुद्री सुरक्षा और क्षमता निर्माण जैसे क्षेत्रों में मिलकर काम करेंगे।
19 मई को ओस्लो में तीसरा भारत-नॉर्डिक शिखर सम्मेलन आयोजित होगा। मोदी ने कहा कि यह उनके नॉर्डिक समकक्षों से मुलाकात का शानदार अवसर होगा। इस समिट में नॉर्वे, स्वीडन, डेनमार्क, फिनलैंड और आइसलैंड के नेता शामिल होंगे।यह भारत-नॉर्डिक समिट पहली बार 2018 में स्टॉकहोम और दूसरी बार 2022 में कोपेनहेगन में हुई थी। इस बार बैठक में ग्रीन एनर्जी, डिजिटलाइजेशन, रक्षा सहयोग, जलवायु परिवर्तन और आर्कटिक नीति जैसे मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है।मोदी की यह यात्रा उनके 5 देशों के दौरे का चौथा चरण है। इससे पहले वे UAE, नीदरलैंड और स्वीडन का दौरा कर चुके हैं। इसके बाद वे इटली जाएंगे।
