प्रेमी के लिए सिया ने केतन को दी मौत,पुणे में सोनम रघुवंशी जैसा केस,नवंबर में शादी थी…
पुणे में इंदौर के राजा रघुवंशी हत्याकांड से मिलती-जुलती वारदात सामने आई है। यहां 26 साल के केतन विशाल अग्रवाल की उनकी मंगेतर सिया गोयल (20) और उसके बॉयफ्रेंड चेतन चौधरी (22) ने मिलकर हत्या कर दी।18 जून 2026 की एक धुंधली शाम। लोहागढ़ फोर्ट की चोटियों पर हवाएं तेज थीं। 26 साल का केतन अग्रवाल मुस्कुरा रहा था। जल्द उदयपुर के आलीशान पैलेस में उसकी शहनाई बजने वाली थी। शादी से ठीक पहले वह अपनी मंगेतर सिया गोयल का जन्मदिन मनाने और प्री-वेडिंग फोटोशूट कराने यहां आया था। कैमरे क्लिक हो रहे थे। केतन मुस्कुराते हुए खाई की तरफ बढ़ा। अचानक एक जोरदार धक्का लगा। हवा में एक चीख गूंजी। केतन संभल पाता, उससे पहले वह 350 फीट गहरी खौफनाक खाई के सन्नाटे में विलीन हो चुका था।शुरुआत में लगा कि यह सिर्फ एक दर्दनाक हादसा है। लेकिन जब पुलिस ने जांच की परतें खोलीं, तो पीछे एक ऐसी ठंडे दिमाग से बुनी गई मर्डर मिस्ट्री निकली, जिसने पूरे देश के होश उड़ा दिए। इस खौफनाक वारदात ने ठीक 13 महीने पहले, मई-जून 2025 में हुए मेघालय के कुख्यात ‘राजा रघुवंशी हत्याकांड’ की यादें ताजा कर दी हैं।
केतन पुणे जिले के गहुंजे के रहने वाले थे और परिवार के रियल एस्टेट कंपनी में डायरेक्टर थे। वहीं सिया पुणे के एक बड़े मसाला व्यापारी की बेटी है। इस साल नवंबर में राजस्थान के उदयपुर स्थित एक शाही पैलेस में दोनों की शादी होने वाली थी।यह शादी दोनों के परिवारों ने तय की थी। घर में तैयारियां भी शुरू थीं। मेहमानों के लिए दो चार्टर्ड प्लेन की व्यवस्था भी की गई थी। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, शादी पर परिवार करीब ₹17 करोड़ खर्च करने वाला था।
केतन ने शादी से पहले सिया के लिए एक बेहद रोमांटिक बाली ट्रिप प्लान की थी। लेकिन सिया रास्ते में एक होटल के वॉशरुम में उसने चुपके से अपना ही पासपोर्ट फाड़कर फ्लश कर दिया। बाहर आकर रोने का नाटक किया कि पासपोर्ट खो गया है। बाली ट्रिप कैंसिल हो गई। प्लान के मुताबिक, अब केतन को लोहागढ़ फोर्ट लाया गया।जांच में खुलासा हुआ कि यह हत्या की पहली कोशिश नहीं थी। इससे पहले 14 जून को भी वे केतन को इसी फोर्ट पर लाए थे। तब उन्होंने अचानक एक सांप का डर दिखाकर केतन को खाई में गिराने की कोशिश की थी। लेकिन उस दिन किस्मत केतन के साथ थी, वह बाल-बाल बच गया।
एसएसपी संदीप सिंह गिल ने बताया कि सिया चेतन से प्यार करती थीं और दोनों साथ काम करते थे। जांच में हमें पता चला कि चेतन भी घटना वाली जगह पर मौजूद था और दोनों आरोपियों ने केतन अग्रवाल की हत्या की साजिश रचने की बात कबूल कर ली है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच चल रही है। आरोपी हिरासत में हैं।पुलिस अब घटनाक्रम की पूरी कड़ी जोड़ने, फोरेंसिक साक्ष्य जुटाने और यह पता लगाने में जुटी है कि साजिश में कोई और भी शामिल था या नहीं।
दूसरी ओर केतन अग्रवाल के पिता ने कहा कि अगर वह शादी नहीं करना चाहती थी, तो वह बस मना कर सकती थी, हम तुरंत शादी रद्द कर देते। उन्होंने इतना बड़ा और खतरनाक कदम उठाने का फैसला क्यों किया? उनकी सोच कैसी है? उनकी सोच इतनी क्रूर है कि किसी के 26 साल के बेटे की जान ले ली गई। समाज को ऐसी क्रूर सोच पर ध्यान देने की ज़रूरत है। यह सोच कहां से आती है, उनके परिवार से, उनकी परवरिश से? उन्होंने कहा कि पुलिस ने बहुत मदद की और मामले को बहुत तेजी से सुलझाया। स्थानीय ग्रामीण एसपी, संदीप सिंह गिल ने बहुत अच्छा सहयोग दिया; उन्होंने तुरंत हमें जानकारी दी और दोनों लोगों को गिरफ्तार कर लिया। चेतन चौधरी को कल रात गिरफ्तार किया गया और सिया को आज सुबह गिरफ्तार किया गया। अब उन्हें कोर्ट में पेश किया जा रहा है।
सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि केतन की मौत की खबर सामने आने के बाद, उसकी मंगेतर सिया ने सोशल मीडिया पर एक बेहद भावुक पोस्ट शेयर किया है। सिया ने लिखा, ‘तुमने मुझे मेरे जन्मदिन के दिन ही छोड़ दिया। तुम तब गए जब हम शादी करने के बेहद करीब थे। मुझे अभी तक समझ नहीं आ रहा कि तुमने मेरे साथ ऐसा क्यों किया। मेरे कुछ सपने थे, कुछ ऐसे सवाल हैं जिनके जवाब मुझे कभी नहीं मिलेंगे। जब मैं तुमसे इतना प्यार करती थी, तो मुझे छोड़कर क्यों चले गए? भगवान तुम्हारी आत्मा को शांति दे।’ ‘मेरे दिल को पता है कि तू यही है। वापस आजा।’
