गलती से पाकिस्तान एयर स्पेस में घुसा एअर इंडिया का विमान,तकनीकी खराबी से रास्ता भटका, पाकिस्तान ने चेतावनी देकर लौटाया…
बीते सोमवार रात दिल्ली से अमृतसर जा रही एअर इंडिया की फ्लाइट एआई-479 में तकनीकी खराबी आने से विमान अपने तय रास्ते से भटक गया और सीधे पाकिस्तान के हवाई क्षेत्र में जा पहुंचा। बताया जा रहा है पाकिस्तान एयर ट्रैफिक अथॉरिटी की चेतावनी मिलने के बाद ही पायलट को इस बात का पता चला जिसके बाद विमान ने यू-टर्न लेकर वापस भारतीय एयरस्पेस की ओर रुख किया।यह घटना ऐसे समय हुई है जब पाकिस्तान ने भारतीय विमानों के लिए अपना हवाई क्षेत्र बंद कर रखा है। एअर इंडिया ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा है कि विमान अमृतसर हवाई अड्डे पर लैंडिंग की कोशिश के दौरान ‘गो-अराउंड’ प्रक्रिया में था, तभी वह सीमित समय के लिए पाकिस्तानी हवाई क्षेत्र में चला गया। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
एअर इंडिया के अनुसार, यह घटना 22 जून को उड़ान संख्या एआई-479 के साथ हुई, जो दिल्ली से अमृतसर जा रही थी। एयरलाइन ने बताया कि अमृतसर हवाई अड्डे पर उतरते समय किसी कारण से विमान को गो-अराउंड प्रक्रिया अपनानी पड़ी। इसी दौरान विमान ने थोड़े समय के लिए पाकिस्तानी हवाई क्षेत्र का उल्लंघन किया। एयरलाइन ने कहा कि घटना की जानकारी संबंधित नियामक एजेंसियों को दे दी गई है और आंतरिक जांच भी शुरू कर दी गई है।
भारत और पाकिस्तान के बीच रिश्ते पहले से ही तनावपूर्ण हैं।ऐसे में बंद एयरस्पेस में किसी भारतीय विमान का चला जाना मामले को गंभीर बना देता है। हालांकि अमृतसर एयरपोर्ट के सूत्र बताते हैं कि विमान पाकिस्तान सीमा के अंदर डेढ़ मील से ज्यादा अंदर नहीं गया था।भारतीय एयरस्पेस में लौटने के बाद भी मुसीबत खत्म नहीं हुई।तब तक अमृतसर एयरपोर्ट पर ट्रैफिक बढ़ चुका था जिस वजह से विमान को उतरने की अनुमति नहीं मिली।विमान कुछ देर अमृतसर के आसपास चक्कर लगाता रहा फिर कंट्रोल रूम के निर्देश पर इसे वापस दिल्ली भेजा गया जहां सुरक्षित लैंडिंग हुई।करीब दो घंटे इंतजार के बाद विमान को फिर से अमृतसर के लिए उड़ान भरने की अनुमति मिली और आखिरकार सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात लगभग 2 बजकर 20 मिनट पर यह अमृतसर एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतरा। इस पूरी प्रक्रिया में यात्रियों को करीब चार घंटे की देरी झेलनी पड़ी।
