बंगाली धोती-कुर्ता में BJP मुख्यालय पहुंचे PM मोदी, बोले-‘गंगोत्री से गंगासागर तक खिला कमल’, ‘बंगाल की धरा पर नया सूर्योदय हुआ…
विधानसभा चुनावों में बीजेपी की जीत पर पीएम मोदी दिल्ली में स्थित पार्टी मुख्यालय पहुंचे। बंगाल में पहली बार बीजेपी सरकार बनाने जा रही है, इस मौके पर पीएम मोदी बंगाली धोती-कुर्ता पहनकर पहुंचे। चुनावी नतीजों के बाद पार्टी में खुशी का माहौल है। मुख्यालय में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता जुट रहे और माहौल उत्सव जैसा बना हुआ है।बीजेपी की जीत पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी कार्यकर्ताओं को बधाई दी है।
पीएम मोदी ने संबोधन शुरू करते हुए कहा कि आज का दिन अहम है, गंगोत्री से गंगासागर तक कमल ही कमल खिला है। सालों की साधना जब सिद्धि में बदलती है तो जो खुशी होती है वो खुशी कार्यकर्ताओं के चेहरे पर देख रहा हूं।प्रधानमंत्री ने कहा, ‘लोकतंत्र केवल एक व्यवस्था नहीं है, बल्कि यह हमारी संस्कृति है। आज न केवल लोकतंत्र की जीत हुई है, बल्कि हमारे संविधान की भी जीत हुई है। हमारी लोकतांत्रिक संस्थाओं की जीत हुई है।’पीएम मोदी ने कहा, ‘पश्चिम बंगाल में करीब 93% मतदान होना, अपने आप में ऐतिहासिक रहा है। असम, तमिलनाडु, पुदुचेरी और केरलम में भी मतदान के नए रिकॉर्ड बने हैं।इसमें भी महिलाओं की भागीदारी बहुत अधिक रही है। ये भारतीय लोकतंत्र की सबसे उजली तस्वीर बन रही है।’
पीएम मोदी ने सोमवार को दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय पर कहा- बंगाल की पहली कैबिनेट मीटिंग में ही आयुष्मान भारत को मंजूरी मिलेगी। घुसपैठ करने वालों पर एक्शन लिया जाएगा।महिलाओं को सुरक्षा का महौल मिलेगा, युवाओं को रोजगार मिलेगा, पलायन रुकेगा।पीएम मोदी ने कहा, ‘बंगाल में हमारे कितने ही कार्यकर्ताओं ने अपना जीवन इस जीत के लिए समर्पित किया है। बीजेपी की कितनी ही महिला कार्यकर्ताओं को तमाम अत्याचार सहने पड़े हैं। आप कल्पना नहीं कर सकते कि केरलम और बंगाल में भाजपा के हर कार्यकर्ता को कितनी मुसीबतें झेलनी पड़ी हैं। उन पर कितने जुल्म और अत्याचार हुए हैं। मैं आज बंगाल में भाजपा की सफलता का श्रेय ऐसे सभी कार्यकर्ताओं को और उनके परिवारों को देता हूं। मैं ये जीत बंगाल की जनता को समर्पित करता हूं। अभी 4 मई की ये शाम भले ही ढल रही हो, लेकिन बंगाल की पावन धरा पर एक नया सूर्योदय हुआ है।’आज का ये दिवस कई मायनों में खास है, विशेष है। ये देश के उज्ज्वल भविष्य की उद्घोषणा का दिन है। ये भरोसे का दिन है। भरोसा भारत के महान लोकतंत्र पर, भरोसा प्रदर्शन की राजनीति पर। भरोसा एक भारत, श्रेष्ठ भारत की भावना पर। मैं बंगाल की जनता का, असम की जनता का, पुदुचेरी की जनता का, तमिलनाडु और केरल की जनता का आदरपूर्वक नमन करता हूं। मैं उनका वंदन करता हूं।आज जब भाजपा जीती है तो बदला नहीं बदलाव की बात होनी चाहिए। भय नहीं भविष्य की बात होनी चाहिए। मेरी सभी दलों के कार्यकर्ताओं से अपील है कि आइए हिंसा के इस अंतहीन चक्र को हमेशा के लिए खत्म करें। किसने किसे वोट दिया किसे नहीं दिया उससे ऊपर उठकर काम करें।
आज मैं महसूस करता हूं कि मां गंगा का आशीर्वाद हम सब पर है। मां ब्रह्मपुत्र, मां कामख्या का भी हम सब पर आशीर्वाद रहा है। असम की जनता ने तीसरी बार एनडीए पर भरोसा किया है। असम के इतिहास की बहुत बड़ी घटना है असम की टी गार्डन वाले क्षेत्रों में भी भाजपा को समर्थन मिला है। असम अब अपने विकास की रफ्तार अब और बढ़ाएगा।साल 2021 में हमने पुडुचेरी की जनता के सामने बेस्ट पुडुचेरी का विजन रखा उन्होंने उस विजन पर विश्वास जताया। पिछले 5 साल में इस विजन को पूरी निष्ठा के साथ गति देने का काम किया गया। मैं पुडुचेरी के युवाओं को फिशरमैन साथियों को भी विश्वास दिलाता हूं कि एनडीए आपके उज्ज्वल भविष्य के लिए काम करती रहेगी।
मोदी बोले- जब भारत समृद्ध था तो उसके तीन मजबूत स्तंभ थे। अंग यानी आज का बिहार। बंग यानी आज का बंगाल और कलिंग यानी आज का ओडिशा।कलिंग उस समय हिंद महासागर के समुद्री व्यापार का सम्राट था। वहीं अंग सूत रेशम के साथ नालंदा और विक्रमशिला जैसे एजुकेशन सेंटर का हब था। बंग वो सांस्कृतिक धरती थी जहां से भारत की आत्म की आवाज उठती थी।
