बंगाल के फालता में पहली बार भाजपा जीती,सीपीएम प्रत्याशी को एक लाख+ वोट से हराया,TMC के जहांगीर को 7783 वोट…
फलता विधानसभा सीट पर हुई धांधली के बाद चुनाव आयोग की मुस्तैदी और भारी सुरक्षा बलों की तैनाती के बीच पुनर्मतदान संपन्न हुआ। 87 प्रतिशत मतदाताओं की भारी भागीदारी के बाद आज हुई मतगणना में भाजपा के देबांग्शु पांडा को विजयी घोषित किया गया।
पश्चिम बंगाल की फालता सीट पर भाजपा ने जीत हासिल कर ली है। बीजेपी उम्मीदवार देबांग्शु ने 1 लाख से ज्यादा वोटों के अंतर से जीत हासिल की। उन्हें 1.49 लाख से ज्यादा वोट मिले।CPM के उम्मीदवार शंभूनाथ कुर्मी 40 हजार वोट के साथ दूसरे नंबर पर रहे। वहीं चुनाव से पीछे हटने वाले TMC के जहांगीर चौथे नंबर पर रहे।फालता में जीत के साथ भाजपा की अब कुल सीटें 208 हो गईं हैं। 4 मई को आए रिजल्ट में भाजपा को 207 सीटें मिलीं थीं। टीएमसी के खाते में सिर्फ 80 सीटे हैं।
यहां 285 बूथों पर 21 मई को दोबारा मतदान कराया गया था। रीपोलिंग में वोटिंग करीब 2% बढ़ गई। चुनाव आयोग के मुताबिक यहां 88.13% मतदान हुआ। इससे पहले, 29 अप्रैल को इसी सीट पर 86.71% मतदान हुआ था।फालता में मुकाबला TMC और भाजपा के बीच था। आधिकारिक तौर पर इस सीट के लिए छह उम्मीदवार मैदान में थे, लेकिन तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार जहांगीर खान ने दोबारा मतदान से कुछ दिन पहले ही घोषणा कर दी थी कि वह चुनाव नहीं लड़ेंगे।हालांकि, उनकी ओर से ये बात लिखित में दिए जाने की सूचना नहीं है। रीपोलिंग के दौरान EVM में उनका नाम और सिंबल मौजूद था।
निर्वाचन आयोग के आधिकारिक आंकड़े के मुताबिक भाजपा प्रत्याशी को 1,49,666 वोट मिले हैं। जीत का अंतर 1.09 लाख वोट से अधिक रहा है। दूसरे नंबर पर रहे सीपीएम प्रत्याशी शंभू नाथ कुर्मी को 40,645 वोट मिले। तीसरे नंबर पर रहे कांग्रेस प्रत्याशी अब्दुर रज्जाक मोल्ला को 10,084 वोट मिले। चौथे नंबर पर खिसकी पार्टी- तृणमूल कांग्रेस के प्रत्याशी जहांगीर खान को केवल 7783 वोट से संतोष करना पड़ा।
