महाराष्ट्र के रायगढ़ के दिवेआगर बीच पर बड़ा हादसा,पिकनिक मनाने गए 8 छात्रों की समुद्र में डूबने से मौत…
महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले में दर्दनाक हादसा हो गया। प्रसिद्ध पर्यटन स्थल दिवेआगर बीच घूमने आए पुणे के 8 छात्रों की समुद्र में डूबने से मौत हो गई। हादसे की वजह समुद्र में अचानक आई तेज लहरें और पानी की गहराई का सही अंदाजा न होना बताई जा रही है।जानकारी के मुताबिक, पुणे जिले के आलंदी से एक निजी क्लास की पिकनिक दिवेआगर आई थी। दोपहर के समय ग्रुप के आठ छात्र समुद्र में तैरने के लिए पानी में उतरे थे। इसी दौरान पानी का स्तर अचानक बदल गया और तेज बहाव तथा उठती ऊंची लहरों की चपेट में आने से सभी आठों छात्र गहरे पानी में बह गए और देखते ही देखते डूब गए।समुद्र के पानी की गहराई और लहरों का अंदाजा नहीं होने के कारण यह दर्दनाक हादसा होने की प्राथमिक जानकारी सामने आई है।
दिवेआगर रायगड के श्रीवर्धन तालुका का प्रसिद्ध पर्यटन स्थल है।यह इलाका दिघी तटीय पुलिस थाने के अधिकार क्षेत्र में आता है। हादसे की जानकारी मिलते ही तत्काल बचाव अभियान शुरू किया गया। महाकाली वॉटर स्पोर्ट्स के कर्मचारियों के साथ स्थानीय नागरिकों और पर्यटकों ने भी बचाव कार्य में मदद की।सभी आठ छात्रों के शव बरामद कर लिए गए हैं।पुलिस ने बताया कि हादसे का शिकार हुए छात्र 11वीं और 12वीं कक्षा में पढ़ते थे। वे पुणे जिले के आलंदी स्थित निजी कोचिंग संस्थान ‘विनर्स अकादमी’ के समूह के साथ पिकनिक मनाने आए थे। दिवेआगर बीच मुंबई से करीब 170 किलोमीटर दूर है।पुलिस अधिकारी के अनुसार, कुल 48 लोगों का समूह समुद्र तट पर आया था। इसमें 25 लड़के, 17 लड़कियां और छह शिक्षक शामिल थे। पुलिस अधिकारी ने बताया कि घटनास्थल पर पुलिसकर्मी और स्थानीय प्रशासन के अधिकारी मौजूद हैं। हादसे के बाद आगे की कानूनी और प्रशासनिक कार्रवाई की जा रही है।
महाराष्ट्र के मंत्री और बीजेपी नेता नितेश राणे ने इस घटना पर शोक जताया। उन्होंने कहा, “रायगड जिले के दिवेआगर में पिकनिक के लिए गए आलंदी के 8 छात्रों की समुद्र में डूबकर हुई दुखद मृत्यु की घटना अत्यंत दर्दनाक और दिल को झकझोर देने वाली है। इस दुखद दुर्घटना में जान गंवाने वाले सभी छात्रों को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। उनके परिजनों पर जो दुख टूटा है, उसे शब्दों में व्यक्त करना असंभव है।इस दुखद घड़ी में मैं उनके परिजनों के साथ हूं।उनके परिजनों को यह अपार दुख सहन करने की शक्ति मिले और दिवंगत छात्रों की आत्मा को शांति मिले, यही ईश्वर के चरणों में प्रार्थना है!”
