महिला जूनियर एशिया कप हॉकी:भारतीय महिला हॉकी टीम ने पाकिस्तान को 19-0 से हराया,सेमीफाइनल में पहुंची …
भारतीय महिला हॉकी टीम ने जूनियर एशिया कप में पाकिस्तान के खिलाफ ऐसा तूफान खड़ा किया कि मुकाबला शुरू होने के कुछ ही मिनट बाद एकतरफा हो गया। गत चैंपियन भारत ने गुरुवार को क्वार्टर फाइनल में पाकिस्तान को 19-0 से करारी शिकस्त देकर सेमीफाइनल में जगह बना ली।सेमीफाइनल 12 सितंबर को होगा। भारत की ओर से गोलों की बारिश पूरे मुकाबले में जारी रही और पाकिस्तान की टीम लगातार दबाव में नजर आई।महिला हॉकी टीम ने पाकिस्तान पर 19 गोल मारकर रिकॉर्ड जीत दर्ज की। पाकिस्तानी टीम एक भी गोल नहीं कर सकी। यह महिला जूनियर हॉकी में भारत की सबसे बड़ी जीत है।भारत और पाकिस्तान की जूनियर महिला टीमें गुरुवार को पहली बार आमने-सामने थी।
भारत ने पहले हाफ में 10 और दूसरे हाफ में 9 गोल किए।भारत की पूजा मलिक ने हैट्रिक लगाई। सानिका चंद्रकांत माने, मधु सिदार और सुप्रिया ने 2-2 गोल किए। रोशनी ऐंद ने भी 2 गोल किए।भारत ने पहले ही क्वार्टर में 5 गोल कर दिए थे। पूजा साहू ने 7वें मिनट में खाता खोला, रोशनी ऐंद ने 9वें, तनुश्री दिनेश कडू ने 11वें, सुखवीर कौर ने 13वें और सानिका माने ने 13वें मिनट में गोल किया।दूसरे क्वार्टर में मधु सिदार, गीता यादव, सानिका माने, तनुजा टोप्पो और पूजा मलिक ने गोल किए। इससे हाफ टाइम तक भारत 10-0 से आगे था।पूर्णिमा यादव, मधु सिदार और सुप्रिया ने तीसरे क्वार्टर में गोल किए। आखिरी क्वार्टर में कृष्णा शर्मा, पूजा मलिक, सुप्रिया, बिनीमा धन और रोशनी ऐंद ने गोल दागे। पूजा मलिक ने 49वें और 51वें मिनट में गोल कर अपनी हैट्रिक पूरी की। रोशनी ने 60वें मिनट में भारत का 19वां गोल किया।
भारत ने क्वार्टर फाइनल से पहले ग्रुप स्टेज में भी शानदार प्रदर्शन किया था। टीम ने जापान, मलेशिया और साउथ कोरिया को हराकर अपने ग्रुप में टॉप किया था। टूर्नामेंट में चीन के खिलाफ भारत का पिछला मुकाबला 0-0 से ड्रॉ रहा था।नॉकआउट से पहले चीन के खिलाफ गोल-रहित ड्रॉ खेलने के बाद, भारतीय महिला टीम ने इस मुकाबले में पाकिस्तान की टीम को पूरी तरह बेबस कर दिया।भारत ने पूरे मैच में 18 पेनल्टी कॉर्नर और एक पेनल्टी स्ट्रोक हासिल किया। पाकिस्तान को पूरे मैच में न गोल मिला, न पेनल्टी कॉर्नर और न ही पेनल्टी स्ट्रोक।भारतीय टीम अब दक्षिण कोरिया और मलेशिया के बीच होने वाले मैच के विजेता से भिड़ेगी। इस मैच को जीतकर वे 2023 के बाद लगातार तीसरी बार फाइनल में जगह बनाने की कोशिश करेंगी।भारत की नजर अब लगातार तीसरी बार जूनियर महिला एशिया कप का खिताब जीतने पर है। भारतीय टीम ने इससे पहले 2023 और 2024 में खिताब अपने नाम किया था। पाकिस्तान के खिलाफ 19 गोल की जीत ने मौजूदा चैंपियन के इरादे भी साफ कर दिए हैं।
