यमन और सोमालिया के पास समुद्री लुटेरों ने 2 जहाजों को किया हाईजैक,22 भारतीय मौजूद,सभी सुरक्षित…
अंतरराष्ट्रीय जलक्षेत्र में समुद्री लुटेरों ने एक बार फिर बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। इसके तहत यमन और सोमालिया के तट के पास दो अलग-अलग घटनाओं में समुद्री लुटेरों ने दो कमर्शियल जहाजों को हाईजैक कर लिया।इन दोनों जहाजों पर कुल 22 भारतीय नागरिक समेत 30 क्रू सदस्य सवार थे। विदेश मंत्रालय (MEA) के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने इस घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि हाईजैक किए गए दोनों जहाज विदेशी झंडे वाले हैं।एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा, “दो जहाज हैं, दोनों पर विदेशी झंडे लगे हैं और उन पर भारतीय नाविक सवार हैं। इनमें कुल 22 (एक जहाज पर 16 और दूसरे पर छह) भारतीय हैं। अब तक मिली जानकारी के मुताबिक, ये 22 नाविक सुरक्षित हैं और हम उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए इस मामले में संबंधित अधिकारियों के संपर्क में हैं।”
यमन के पास 16 भारतीय: 20 अगस्त को यमन के तट से करीब 30 नॉटिकल मील दूर गल्फ ऑफ एडन में एमटी सिबू-1 को हथियारबंद समुद्री लुटेरों ने कब्जे में ले लिया और उसे सोमालिया की ओर मोड़ दिया। इरिट्रिया के झंडे वाले इस तेल टैंकर पर 20 क्रू मेंबर थे, जिनमें 16 भारतीय शामिल हैं।
सोमालिया के पास 6 भारतीय: 17 अगस्त को सोमालिया के पुंटलैंड तट के पास कैमरून के झंडे वाले एक कार्गो जहाज को हाईजैक किया गया। जहाज पर 10 क्रू मेंबर थे, जिनमें 6 भारतीय शामिल हैं।कथित तौर पर पोलर मूवमेंट शिपिंग की इस नाव पर मोगादिशू में तुर्की के मिलिट्री ट्रेनिंग सेंटर के लिए हथियार, साथ ही कम्युनिकेशन और सैटेलाइट उपकरण ले जाए जा रहे थे।
