हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की UP के शामली में गोलियों से भूनकर हत्या…
हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की उत्तर प्रदेश के शामली में बुधवार शाम करीब पौने सात बजे गोली मारकर हत्या कर दी गई है। बदमाशों ने लगभग 20 राउंड फायरिंग की।बता दें कि अंकित बालियान मूल रूप से शामली जिले के गांव बंतीखेड़ा के निवासी थे। फायरिंग से आसपास का इलाका दहल गया। लोगों की भीड़ मौके पर इकट्ठा हो गई। हमलावर फायरिंग करते हुए भाग गए। अंकित बालियान पंचायत चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे थे। बंतीखेड़ा के मूल निवासी अंकित बालियान हरियाणा के सोनीपत में रहते थे और वहां सिंगर थे। पिछले कुछ समय से वे गांव में परिवार के साथ रह रहे थे। बुधवार शाम वह रोज की तरह शामली में जिम में एक्सरसाइज करने आए थे। शाम करीब पौने सात बजे जिम से बाहर निकलकर अपनी गाड़ी में बैठ रहे थे। उसी समय चार हमलावरों ने पिस्टलों से अंधाधुंध गोलियां बरसा दीं। उन्हें पांच गोलियां लगीं और वहीं गिर गए। आसपास के लोग उन्हें सीएचसी शामली ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच-पड़ताल में जुट गए। फोरेंसिक टीम ने आकर भी सबूत एकत्र किए। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है।
गौरतलब हो कि अंकित बालियान ने अपनी हत्या से दो घंटे पहले इंस्टाग्राम पर एक वीडियो भी शेयर की थी, जिसमें वो ‘मार दे सड़क के ऊपर’ गाना गाते हुए नजर आ रहे थे। अंकित बालियान पर गन कल्चर को बढ़ावा देने वाले सॉन्ग गाने के भी आरोप लगे थे। वह ‘भरी कोर्ट में गोली मारेंगे’ गाने से मशहूर हुए थे।सिंगर अंकित बालियान मासूम शर्मा के साथ ‘खपीटर’ और राजू पंजाबी के साथ ‘चांद चकोरी’ में काम कर चुके हैं।उनकी मौत के बाद से हरियाणवी इंडस्ट्री में शोक की लहर है। वहीं, सोशल मीडिया पर उनके फैंस काफी उदास नजर आ रहे हैं।
अंकित बालियान की हत्या के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने शहर में वीवी इंटर कॉलेज रोड पर वर्मा मार्केट के बाहर सड़क पर शव रखकर जाम लगा दिया। कहा कि जब तक हत्यारों की गिरफ्तारी नहीं की जाएगी, जाम नहीं खोला जाएगा। हत्यारों के पकड़े जाने के बाद ही शव का अंतिम संस्कार किया जाएगा। एसपी एनपी सिंह का कहना है कि हत्यारों की तलाश के लिए टीमों का गठन किया गया है। पंचायत चुनाव की रंजिश को लेकर भी जांच की जा रही है।बताया गया है कि वे जिला पंचायत सदस्य का चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे थे।
